Crispy Paratha Recipe From Leftover Dal: रात के खाने में बनी दाल अक्सर बच जाती है और अगले दिन फ्रिज में रखी नजर आती है. ऐसे में कई लोगों को समझ नहीं आता कि बची हुई दाल का क्या किया जाए. दाल को दोबारा गर्म करके खाने का मन भी नहीं करता और उसे फेंकना भी सही नहीं लगता. अगर आपके घर में भी अक्सर दाल बच जाती है तो इसे बेकार समझने की जरूरत नहीं है. बची हुई दाल से आप ऐसा स्वादिष्ट नाश्ता तैयार कर सकते हैं, जो खाने में बिल्कुल नया लगेगा. खास बात यह है कि इसके लिए बहुत ज्यादा मेहनत या अलग से ढेर सारी सामग्री जुटाने की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद आटा, बेसन, चावल का आटा और कुछ मसालों की मदद से बची दाल को कई तरह के मजेदार नाश्ते में बदला जा सकता है.
दाल से बनाएं स्वादिष्ट पराठा
बची हुई दाल से पराठा बनाना सबसे आसान तरीकों में से एक है. इसके लिए दाल में गेहूं का आटा, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा और थोड़ा नमक डालें. सारी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर नरम आटा गूंथ लें. जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालें, क्योंकि दाल में पहले से ही नमी होती है. अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें बेल लें. गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ थोड़ा तेल या घी लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें. इसे दही, अचार या हरी चटनी के साथ परोसें. स्वाद ऐसा आएगा कि कई बार आपको याद भी नहीं रहेगा कि यह पराठा बची हुई दाल से तैयार किया गया है.

कुरकुरे दाल पकौड़े बनाएं
अगर सुबह के नाश्ते में कुछ कुरकुरा खाने का मन है तो बची हुई दाल से पकौड़े भी बनाए जा सकते हैं. दाल में बेसन, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरा धनिया और जीरा डालें. स्वाद के लिए इसमें हल्दी और लाल मिर्च पाउडर भी मिला सकते हैं. अगर मिश्रण बहुत पतला है तो थोड़ा और बेसन डालकर इसे गाढ़ा कर लें. अब कड़ाही में तेल गर्म करें और मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से डालकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. गरमा-गरम दाल पकौड़ों को हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ परोसें. शाम की चाय के साथ भी यह नाश्ता काफी अच्छा लगता है.

बची दाल से बनाएं झटपट चीला
अगर आप कम तेल वाला नाश्ता पसंद करते हैं तो दाल से चीला बनाया जा सकता है. इसके लिए बची हुई दाल में थोड़ा चावल का आटा, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, धनिया और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. जरूरत के हिसाब से पानी डालकर एक ऐसा बैटर तैयार करें जो आसानी से तवे पर फैल सके. अब नॉन-स्टिक या सामान्य तवा गर्म करें और उस पर एक कलछी बैटर डालकर पतला फैलाएं. दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंकें और ऊपर से थोड़ा तेल डाल दें. जब चीला हल्का सुनहरा और किनारों से कुरकुरा हो जाए तो इसे हरी चटनी के साथ परोसें.
दाल वड़ा भी है बढ़िया ऑप्शन
बची हुई दाल से दाल वड़ा भी तैयार किया जा सकता है. इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, करी पत्ता, अदरक, थोड़ी सौंफ और काली मिर्च डालें. मिश्रण को बांधने के लिए थोड़ा चावल का आटा मिलाएं. अब हाथों से छोटे-छोटे गोल वड़े या टिक्की का आकार दें. इन्हें गर्म तेल में डालकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. दाल वड़े को नारियल की चटनी, हरी चटनी या सांभर के साथ परोसा जा सकता है. बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम यह नाश्ता सुबह या शाम दोनों समय अच्छा लगता है.
दाल से बना सकते हैं स्वादिष्ट खिचड़ी
अगर आपको हल्का और आरामदायक खाना पसंद है तो बची हुई दाल से खिचड़ी भी बनाई जा सकती है. इसके लिए कुकर में थोड़ा घी गर्म करें और उसमें जीरा, हींग और बारीक कटा प्याज डालकर भूनें. इसके बाद टमाटर, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें. अब धुले हुए चावल, बची हुई दाल और जरूरत के हिसाब से पानी डालें. नमक, हल्दी और थोड़ा गरम मसाला मिलाकर कुकर बंद कर दें. चावल के अच्छी तरह गलने तक पकाएं. तैयार खिचड़ी के ऊपर थोड़ा घी डालकर दही, अचार या पापड़ के साथ परोस सकते हैं.
इसे भी पढ़ें : घर पर ऐसे बनाएं टेस्टी पनीर कोफ्ता, उंगलिया चाटते रह जाएंगे मेहमान
दाल से बनाएं हेल्दी सूप
अगर आप नाश्ते में कुछ हल्का लेना चाहते हैं तो बची हुई दाल से सूप भी तैयार किया जा सकता है. एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करके प्याज, लहसुन और अदरक भूनें. इसमें गाजर, टमाटर और दूसरी पसंदीदा सब्जियां डालकर नरम होने तक पकाएं. अब बची हुई दाल डालें और जरूरत के हिसाब से पानी या वेजिटेबल स्टॉक मिलाएं. नमक, काली मिर्च और थोड़ा जीरा पाउडर डालकर कुछ मिनट पकाएं. आप चाहें तो इसे ब्लेंड करके स्मूद सूप बना सकते हैं. ऊपर से हरा धनिया और थोड़ा नींबू का रस डालने से इसका स्वाद और बेहतर हो जाता है.
इसे भी पढ़ें : भगोने में कैसे बनाएं अरहर की देसी स्टाइल वाली दाल? खुशबू से खिंचे चले आएंगे लोग