education

Jharkhand School: रांची में चक्रवात अर्नब का असर, 28-29 अक्टूबर को बंद रहेंगे स्कूल

October 27, 2026

Jharkhand School: रांची में चक्रवात अर्नब का असर, 28-29 अक्टूबर को बंद रहेंगे स्कूल

रांची में 28-29 अक्टूबर को बंद रहेंगे स्कूल

झारखंड की राजधानी रांची में चक्रवात अर्नब के प्रभाव और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है. इसके तहत 28 और 29 अक्टूबर 2026 को सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में KG से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है. रांची को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखा गया है. हालांकि, पहले से निर्धारित परीक्षाओं को लेकर निजी स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर फैसला ले सकेंगे.

रांची में 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेंगे स्कूल

चक्रवात अर्नब के कारण खराब मौसम की आशंका को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने स्कूलों में पढ़ाई स्थगित करने का फैसला लिया है. जारी आदेश के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में KG से 12वीं कक्षा तक शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी. यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.

भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. रांची जिले को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखा गया है. इसके साथ ही तेज हवाएं चलने और मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है. मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है.

पहले से तय परीक्षाओं पर स्कूल ले सकेंगे फैसला

प्रशासन के आदेश में निजी विद्यालयों में पहले से निर्धारित परीक्षाओं को लेकर भी दिशानिर्देश दिए गए हैं. अगर किसी निजी स्कूल में 28 या 29 अक्टूबर को परीक्षा तय है तो विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर परीक्षा आयोजित करने या उसे लेकर फैसला लेने के लिए स्वतंत्र होगा. हालांकि, इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय को अनिवार्य रूप से सूचना देनी होगी.

शिक्षकों को स्कूल आना होगा

स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई स्थगित रहने के बावजूद शिक्षकों और शिक्षिकाओं को निर्धारित तारीखों पर विद्यालय में उपस्थित रहना होगा. इस दौरान उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा. वहीं, जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी.

अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए जरूरी सलाह

जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की अपील की है. सभी को प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

अशोक कुमार

अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More

google button