Sep 01, 2026 07:20 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

अधिकतर लोग जन्माष्टमी पर कान्हा को धनिया पंजीरी का भोग लगाते हैं। अगर आप भी 10 मिनट में भोग तैयार करना चाहते हैं तो यहां सीखिए धनिया पंजीरी बनाने का आसान तरीका।
जन्माष्टमी का त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में देश भर में बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। इस साल ये दिन 4 सितंबर को मनाया जाएगा। इस खास मौके पर घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं। जिन हिंदू घरों में लड्डू गोपाल की सेवा की जाती है वह भी इस दिन उन्हें भोग लगाने के लिए तरह-तरह की चीजों को तैयार करे हैं। ऐसे में इस दिन धनिया पंजीरी जरूर बनाई जाती है। माना जाता है कि ये भगवान श्रीकृष्ण को बहुत प्रिय है। ऐसे में ज्यादातर लोग भोग के लिए मार्केट से इसे खरीदकर लेकर आते हैं। जबकी ये घर भी फटाफट तैयार हो सकती है। झटपट बनने वाली धनिया पंजीरी घर पर आसानी से भोग के लिए बनाई जा सकती है। यहां सीखिए इसे बनाने का तरीका।
धनिया पंजीरी बनाने की सामग्री
-1 कप धनिया के बीज
-6 बड़े चम्मच घी
-12-14 बादाम
-12-14 काजू
-1/4 कप मखाना
-1/4 कप खरबूजे के बीज
-1/4 कप सूखा नारियल, कद्दूकस किया हुआ
-3/4 कप बूरा या पिसी हुई चीनी
-2 बड़े चम्मच किशमिश
-1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
धनिया पंजीरी बनाने का तरीका
1) पंजीरी बनाने के लिए सबसे पहले धनिया के बीजों को 2 मिनट तक या अच्छी खुशबू आने तक सूखा भून लें।
2) अब धनिया को ठंडा होने पर इसे बारीक पीस लें और अलग रख दें।
3) पंजीरी बनाने के लिए एक पैन में एक छोटा चम्मच घी गरम करें और उसमें बादाम और काजू डालकर कुछ मिनट तक या हल्का भूरा होने तक भूनें।
4) फिर दोबारा घी डालकर मखानों को 2-3 मिनट तक या कुरकुरा होने तक भूनें।
5) मखाना निकालकर पैन में फिर से एक छोटा चम्मच घी डालें और खरबूजे के बीज डालकर एक मिनट तक भूनें।
6) साथ ही सूखा कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें और एक मिनट और भूनें।
7) अब पैन में थोड़ा घी डालें और धनिया के बीज का पाउडर डालकर एक मिनट तक भूनें।
8) एक बड़े कटोरे में भुने हुए धनिया के बीज का पाउडर और बूरा डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
9) भुनी हुई सभी चीजें और इलायची पाउडर अच्छी तरह मिलाएं और धनिया पंजीरी तैयार है।
टिप
-धनिया पाउडर को धीमी आंच पर भूनें। इसका रंग बहुत गहरा न होने दें, वरना कड़वाहट आ सकती है।
-धनिया भूनते समय उसमें 1 से 2 चम्मच घी डालें।
-मखाने, बादाम, काजू और नारियल को अलग-अलग ही भूनें।
-बूरा या पिसी चीनी पूरी तरह ठंडी हुई पंजीरी में मिलाएं, ताकि वह पिघले नहीं।