Published: Thursday, September 3, 2026, 20:25 [IST]
Tarn Taran Jagjit Singh Murder: पंजाब के तरनतारन जिले से एक दिलदहलाने वाला मामला सामने आया। यहां एक 20 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जगजीत सिंह के रूप में हुई। घटना कड गिल गांव के बस स्टैंड पर हुई, जहां कथित तौर पर दो युवकों ने जगजीत पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें युवक पर लगातार चाकू से वार होते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि करीब 40 सेकंड के दौरान जगजीत पर 60 से अधिक बार चाकू से हमला किया गया। हमलावर यहीं नहीं रूके, सिर और गदर्न पर भी वार किए। घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों के वीडियो बनाने की बात भी सामने आई है। आखिर क्यों मार डाला? आइए जानते हैं...

Who Was Jagjit Singh: कौन था जगजीत सिंह?
जगजीत सिंह की उम्र करीब 20 साल थी और वह डिस्क जॉकी (DJ) का काम करता था। परिवार के मुताबिक, कुछ सप्ताह पहले उसकी मुलाकात नौरंगाबाद गांव की रहने वाली जशनप्रीत कौर से हुई थी। दोनों के बीच संबंध बने और उन्होंने शादी करने का फैसला किया था।
परिवार का आरोप है कि इस रिश्ते का जशनप्रीत के भाइयों जसप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह ने विरोध किया था। कथित तौर पर उन्होंने जगजीत को जशनप्रीत से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी।
बस स्टैंड पर बुलाया गया था जगजीत
जगजीत के पिता तरसेम सिंह के मुताबिक, 30 अगस्त को जशनप्रीत की मां ने उसे तरनतारन बस स्टैंड पर मिलने के लिए बुलाया था। परिवार का कहना है कि जगजीत वहां स्नैक्स और कोल्ड ड्रिंक लेकर पहुंचा और इंतजार करने लगा।
आरोप है कि इसी दौरान जशनप्रीत के दोनों भाई वहां पहुंचे और जगजीत पर चाकू से हमला कर दिया। परिवार का कहना है कि जगजीत के जमीन पर गिरने के बाद भी उसके सिर और गर्दन पर वार किए गए।
बीच-बचाव करने वाला व्यक्ति भी घायल
वारदात के दौरान वहां से गुजर रहे गुरिंदर सिंह ने कथित तौर पर हमलावरों को रोकने की कोशिश की। बताया गया है कि इस दौरान वह भी घायल हो गया। गुरिंदर के मुताबिक, जगजीत और जशनप्रीत शादी करना चाहते थे और परिवार के साथ रिश्ते को लेकर बातचीत भी चल रही थी।
जगजीत के परिवार का आरोप है कि इसी रिश्ते के विरोध में उसकी हत्या की गई। पुलिस भी शुरुआती जांच में प्रेम संबंध और प्रस्तावित शादी के विरोध को हत्या की एक प्रमुख वजह मानकर जांच कर रही है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश
पुलिस ने मामले में जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके भाई हरप्रीत सिंह की तलाश जारी है। पुलिस घटना से पहले के घटनाक्रम, हत्या की वजह और वारदात में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि जशनप्रीत और जगजीत एक-दूसरे को पसंद करते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते से खुश नहीं था। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। जगजीत के शव का 2 सितंबर को अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य निष्कर्षों से हत्या की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रही वारदात की परिस्थितियों और हमले में इस्तेमाल हथियारों समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।