sports

IND vs ZIM: तिलक वर्मा ने धीमी बल्लेबाजी की बताई बड़ी वजह, टीम इंडिया के दूसरे बल्लेबाजों पर फोड़ा ठीकरा

July 21, 2026

IND vs ZIM: तिलक वर्मा ने धीमी बल्लेबाजी की बताई बड़ी वजह, टीम इंडिया के दूसरे बल्लेबाजों पर फोड़ा ठीकरा

तिलक वर्मा ने दी धीमी बल्लेबाजी पर सफाई (फोटो-PTI)

आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 सीरीज में उपकप्तान तिलक वर्मा का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था. इस खिलाड़ी के स्ट्राइक रेट पर बड़े सवाल खड़े हो रहे थे. अब तिलक वर्मा ने जिम्बाब्वे पहुंचने के बाद इस मुद्दे पर अपनी सफाई दी है. तिलक वर्मा ने बताया कि आयरलैंड और इंग्लैंड में टॉप ऑर्डर के फेल होने की वजह से उन्हें तेजी से बैटिंग करने की छूट ही नहीं मली. उन्होंने कहा कि उनकी बैटिंग खेल और परिस्थितियों के आधार पर बदलता है. तिलक वर्मा ने कहा कि इंग्लैंड टी20 सीरीज में टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज जल्दी आउट हो जाते थे जिसकी वजह से मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज तेजी से बैटिंग नहीं कर सकते थे.

तिलक वर्मा ने धीमी बैटिंग पर क्या सफाई दी?

तिलक वर्मा ने धीमी बैटिंग से जुड़े सवाल पर कहा, ‘ इस खेल में आपको अलग-अलग जगहों पर बल्लेबाजी करनी पड़ती है. मैं हमेशा यही कहता हूं कि टीम के लिए जो भी जरूरी होता है, मैं वही करता हूं. अगर मुझे टीम के लिए इंतजार करना पड़े, तो मैं उसी हिसाब से खेलूंगा. अगर मुझे हिट करना पड़े, तो मैं हिट करूंगा और खेलूंगा.’ तिलक वर्मा ने आगे कहा, आयरलैंड और इंग्लैंड में पावरप्ले खत्म होते-होते हमेशा चार-पांच विकेट गिरते थे. ऐसे में वहां जाकर लगातार शॉट लगाना और आउट हो जाना समझदारी की बात नहीं थी.’

हमेशा तेज खेलना चाहता हूं- तिलक वर्मा

तिलक वर्मा ने कहा कि वो हमेशा तेज खेलना चाहते हैं लेकिन कभी-कभी थोड़ा संयम भी दिखाना होता है. तिलक ने कहा, ‘मेरे दिमाग में हमेशा ये बात रहती है कि पहली गेंद पर शॉट लगा सकूं. लेकिन साथ ही देश के लिए खेल रहा हूं, इसलिए मुझपर जिम्मेदारियां भी हैं. मेरे नाम के आगे उपकप्तान जुड़ा हुआ है और टीम ने मुझे सोच-समझकर ये जिम्मेदारी दी है. इसलिए मैं उसी के मुताबिक खेल रहा हूं.’

Focused on regaining the momentum 👊

Vice-captain Tilak Varma on #TeamIndia‘s approach ahead of the #ZIMvIND T20Is as we aim to get back to winning ways 🙌@TilakV9 pic.twitter.com/3pJxfLhglp

— BCCI (@BCCI) July 21, 2026

आयरलैंड-इंग्लैंड में क्यों फेल रही टीम इंडिया?

तिलक वर्मा ने इस सवाल का जवाब भी दिया कि आखिर टीम इंडिया क्यों आयरलैंड और इंग्लैंड में फेल साबित हुई. तिलक के मुताबिक टीम इंडिया पिछले दो सालों से एशिया में क्रिकेट खेल रही थी और फिर आयरलैंड और यूरोप में पिच और कंडिशन अलग होती हैं जिसकी वजह से टीम इंडिया को मुश्किल हुई. हालांकि तिलक ने कहा कि जिम्बाब्वे में टीम इंडिया अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी. उन्हें उम्मीद है कि यहां जीत हासिल कर टीम इंडिया लय में आ जाएगी.

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button