world-news

IND vs WI 2nd T20 Ranchi: रांची में टिकट के लिए चुकाने होंगे सबसे ज्यादा पैसे, लखनऊ से 4 गुना महंगा

October 7, 2026

IND vs WI T20 Ranchi Ticket Price: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में होने वाले टी20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में उत्साह है. लेकिन मैच देखने के लिए रांची में दर्शकों को लखनऊ और इंदौर के मुकाबले काफी ज्यादा जेब ढीली करनी होगी. तीनों शहरों में होने वाले मुकाबलों के टिकट की कीमतों में बड़ा अंतर सामने आया है.

रांची में सबसे सस्ता सामान्य टिकट 1600 रुपये का रखा गया है, जबकि लखनऊ में यही टिकट 399 रुपये और इंदौर में 1000 रुपये में उपलब्ध है. यानी रांची का सबसे सस्ता टिकट लखनऊ की तुलना में करीब चार गुना महंगा है.

रांची में 1600 से शुरू है टिकट की कीमत

जेएससीए स्टेडियम में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले के लिए सामान्य टिकट की शुरुआती कीमत 1600 रुपये रखी गई है. वहीं, लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज के पहले टी20 मैच का सबसे सस्ता टिकट 399 रुपये था. इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को होने वाले तीसरे टी20 मुकाबले के लिए सबसे कम कीमत 1000 रुपये रखी गई है.

श्रेणी के हिसाब से टिकट

रांची में सामान्य टिकट की कीमत अलग-अलग श्रेणी के हिसाब से 1600 से 4500 रुपये तक है. इसके अलावा कॉरपोरेट बॉक्स के टिकट की कीमत 8000 रुपये, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स की 9000 रुपये, एमएस धोनी पवेलियन की 10 हजार रुपये और कॉरपोरेट लाउंज की कीमत 15 हजार रुपये तक है.

टिकट श्रेणीकीमत
सामान्य टिकट₹1,600 से ₹4,500
कॉरपोरेट बॉक्स₹8,000
हॉस्पिटैलिटी बॉक्स₹9,000
एमएस धोनी पवेलियन₹10,000
कॉरपोरेट लाउंज₹15,000

रांची में सबसे महंगा टिकट 18 हजार रुपये का बताया गया है. इसकी तुलना में लखनऊ में सबसे महंगा टिकट 13,500 रुपये और इंदौर में 12,500 रुपये तक है.

ब्लैक में 3200 रुपये तक पहुंची कीमत

रांची में टिकट की कीमत को लेकर एक और बात चर्चा में है. रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेडियम के बाहर सबसे सस्ता टिकट भी 3200 रुपये तक में बिक रहा है. सोमवार को पुलिस ने टिकटों की कालाबाजारी करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लिया था.

यानी जो टिकट आधिकारिक तौर पर 1600 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है, उसके लिए फैंस को बाहर दोगुनी कीमत तक चुकानी पड़ रही है.

ये भी पढ़ें: ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए दो भारतीय ओपनर्स नॉमिनेट, लिस्ट में जिम्बाब्वे के कप्तान भी शामिल

तीनों शहरों में टिकट की कीमत में कितना अंतर?

टिकट श्रेणीरांचीइंदौरलखनऊ
सबसे सस्ता सामान्य टिकट₹1,600₹1,000₹399
सबसे महंगा टिकट₹18,000₹12,500₹13,500
सामान्य टिकट की रेंज₹1,600–4,500₹1,000–8,500₹399–1,099

भारत-वेस्टइंडीज सीरीज के मुकाबलों के लिए तीनों शहरों में टिकट की कीमतों में यह अंतर अब क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. खासकर रांची में सबसे सस्ता टिकट ही 1600 रुपये का होने से दर्शकों को लखनऊ के मुकाबले काफी ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है.

17 मिनट में बिक गए थे 4022 ऑनलाइन टिकट

ऑनलाइन टिकट बिक्री को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, ऑनलाइन बिक्री शुरू होने के महज 17 मिनट में 4022 टिकट बिक गए. इसके बाद टिकटों की उपलब्धता को लेकर क्रिकेट फैंस के बीच सवाल उठने लगे.

इंडिया बनाम वेस्टइंडीज मैच का टिकट
इंडिया बनाम वेस्टइंडीज मैच का टिकट

पिछले साल रांची में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबले के दौरान भी ऑनलाइन टिकट वितरण को लेकर शिकायतें सामने आई थीं. इस बार भी ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होने के कुछ ही मिनटों में बड़ी संख्या में टिकट बिकने के बाद व्यवस्था पर चर्चा शुरू हो गई है.

ये भी पढ़ें: भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी, पत्नी नूपुर का पोस्ट हुआ वायरल; एक शब्द ने खींचा फैंस का ध्यान

39 हजार टिकट छापे गए, 11 करोड़ से ज्यादा की कमाई का अनुमान

जेएससीए स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 39,500 बताई गई है. इस मुकाबले के लिए करीब 39 हजार टिकटों की छपाई का आदेश दिया गया है. सभी टिकट बिकने की स्थिति में इससे 11 करोड़ रुपये से अधिक की आय होने का अनुमान है.

हालांकि, टिकटों की पूरी बिक्री के बाद ही वास्तविक कमाई का आंकड़ा सामने आएगा.

10 फीसदी तक कॉम्प्लिमेंट्री टिकट बांटने का दावा

टिकटों के वितरण को लेकर कॉम्प्लिमेंट्री पास का मुद्दा भी सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, कुल टिकटों के करीब 10 फीसदी तक कॉम्प्लिमेंट्री टिकट दिए जाने का दावा किया जा रहा है.

इसे लेकर मामला अदालत तक भी पहुंच चुका है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कॉम्प्लिमेंट्री टिकट वितरण पर निगरानी की बात कही गई है. प्रशासन, मीडिया और मैच संचालन से जुड़े लोगों के लिए दिए जाने वाले टिकटों का भी रिकॉर्ड रखने की बात कही गई है.

ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट