entertainment

'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' की जगह आने वाले शो 'अप्सरा' की कहानी क्या है? जानिए समुद्र मंथन और अमृत कलश का पूरा कॉन्सेप्ट!

October 7, 2026

Apsara: स्टार प्लस के आइकॉनिक शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के ऑफ-एयर होने की खबर सामने आते ही टीवी गलियारों में हलचल तेज हो गई थी. लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर वो कौन सा शो है और क्या है उसका कॉन्सेप्ट, जो तुलसी और मिहिर विरानी के इस चर्चित पारिवारिक ड्रामे को रिप्लेस करने जा रहा है? 21 अक्टूबर से रात 10:30 बजे शुरू हो रहा नया सुपरनैचुरल फैंटेसी शो ‘अप्सरा’ टीवी के पारंपरिक दायरे को तोड़कर दर्शकों को एक ऐसी अलौकिक दुनिया में ले जाने वाला है, जिसकी कल्पना अब तक किसी शो में नहीं की गई थी.

मुक्ता धोंड के प्रोडक्शन में बने इस शो की कहानी प्राचीन पौराणिक कथा ‘समुद्र मंथन’ के उस अनकहे हिस्से से शुरू होती है, जहां से अमृत कलश और अप्सराओं की उत्पत्ति हुई थी. शो का प्लॉट एक बेहद हैरान कर देने वाली कल्पना पर आधारित है. कलयुग के इस दौर में भी वह दिव्य अमृत कलश धरती पर ही मौजूद है, और स्वर्गलोक ने इस अमृत को बुरी ताकतों से सुरक्षित रखने का जिम्मा अप्सराओं के कुल को सौंपा हुआ है. ये अमृत अगर किसी गलत हाथ में चला गया, तो पूरी मानव सभ्यता का विनाश निश्चित है.

एक ‘महायोद्धा’ है सुनहरी

आमतौर पर टीवी और फिल्मों में अप्सराओं को केवल सुंदरता, मोहक अदाओं और नृत्य के लिए दिखाया जाता रहा है.लेकिन शो में लीड रोल निभा रहीं समिक्षा जायसवाल (सुनहरी) इस रूढ़िवादी छवि को पूरी तरह तोड़ती नजर आएंगी. सुनहरी कोई ऐसी अप्सरा नहीं है जो किसी राजकुमार या नायक के आने का इंतजार करे, बल्कि वह खुद अपनी लड़ाई की नायक और एक निपुण योद्धा है. लेकिन इस लड़ाई में सबसे बड़ा मोड़ और दर्द तब आता है, जब अमृत कलश पर कब्जा करने की कोशिश करने वाली कोई और नहीं, बल्कि उसकी अपनी सगी बहन धारा (अनुष्का मर्चेंडे) बन जाती है. अपनों के प्रति प्यार और अमृत की रक्षा के कर्तव्य के बीच सुनहरी का यह अंदरूनी संघर्ष कहानी को बेहद भावुक मोड़ देता है.

आधुनिक मुंबई के बीच शौर्य का प्यार और जंग

कहानी सिर्फ प्राचीन गुफाओं या स्वर्गलोक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य बैकड्रॉप आज का आधुनिक मुंबई शहर है. जहां एक तरफ ऊंची इमारतें और भागती-दौड़ती जिंदगी है, वहीं दूसरी तरफ कलयुगी बुरी ताकतें अमृत को पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं. इस कहानी में पारस कलनावत (शौर्य) का किरदार एक बेहद अहम कड़ी है. एक आम इंसान और अलौकिक शक्तियों से लैस अप्सरा के बीच का यह प्यार अमृत की रक्षा में मददगार बनेगा या उनके रास्ते का सबसे बड़ा कांटा, यही इस शो का सबसे बड़ा सस्पेंस है. इसके अलावा अदा खान, अविका गौर, मोना वासु और पूर्वा गोखले जैसे कलाकार शो को अलग-अलग लेयर्स देते हैं.

‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के पुराने आंगन को अलविदा कहकर स्टार प्लस का सीधे सुपरनैचुरल थ्रिलर और वीएफएक्स से सजी इस गाथा में कदम रखना एक बड़ा जॉनर शिफ्ट है. अब देखना यह होगा कि 21 अक्टूबर से शुरू होने वाली अमृत की यह जंग दर्शकों के दिलों पर कितना असर छोड़ पाती है.

सोनाली नाईक

सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More

google button