sports

IND vs SL: 129 साल पुराने स्कूल से पढ़ने वाला खिलाड़ी क्यों है भारत के लिए इतना खतरनाक?

August 14, 2026

IND vs SL: 129 साल पुराने स्कूल से पढ़ने वाला खिलाड़ी क्यों है भारत के लिए इतना खतरनाक?

कौन हैं ऑफ-स्पिनर केशारा नुवांता? (फोटो-SLC)

Keshara Nuwantha: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से गॉल में शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंकाई सेलेक्टर्स ने युवा ऑफ-स्पिनर विथानावासम केशारा नुवांता को नेशनल टेस्ट टीम में पहली बार शामिल किया है. 25 साल के इस स्पिनर ने हाल ही में कोलंबो के एनसीसी मैदान पर खेले गए तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच में श्रीलंका क्रिकेट XI की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को खासा परेशान किया था.

प्रैक्टिस मैच में भारतीय दिग्गजों को किया परेशान

गॉल टेस्ट से पहले खेले गए तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच में केशारा नुवांता ने अपनी फिरकी का ऐसा जादू चलाया कि भारतीय खेमा भी हैरान रह गया था. उन्होंने अपनी सटीक लाइन-लेंथ के दम पर भारतीय टीम के दो अहम स्तंभ शुभमन गिल और केएल राहुल के विकेट चटकाए थे. वहीं, ऋषभ पंत को भी अपना शिकार बनाया था. भारत के स्टार बल्लेबाजों को आउट करने के इसी शानदार प्रदर्शन के इनाम के तौर पर उन्हें सीधे गॉल टेस्ट के लिए श्रीलंकाई टीम के स्क्वॉड में चुन लिया गया है.

129 साल पुराने ऐतिहासिक ‘सेंट सर्वेशियस कॉलेज’ का नाता

केशारा नुवांता श्रीलंका के मातरा स्थित मशहूर सेंट सर्वेशियस कॉलेज के छात्र रहे हैं. 1897 में स्थापित यह स्कूल लगभग 129 साल पुराना है और श्रीलंकाई क्रिकेट की नर्सरी माना जाता है. यह वही ऐतिहासिक संस्थान है जहां से श्रीलंका के पूर्व महान कप्तान और विस्फोटक बल्लेबाज सनथ जयसूर्या ने भी अपने क्रिकेट करियर की बारीकियां सीखी थीं. मातरा का यह कॉलेज अपने मजबूत क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर और स्पिन गेंदबाजों को तराशने के लिए पूरे श्रीलंका में जाना जाता है.

फर्स्ट-क्लास करियर के शानदार आंकड़े

केशारा नुवांता का फर्स्ट-क्लास करियर अभी तक काफी शानदार रहा है. उन्होंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में खेले 15 मुकाबलों में ही 22.12 की शानदार औसत से 64 विकेट लेना यह साबित करता है कि नुवांता लंबे स्पेल फेंकने और लाल गेंद के फॉर्मेट में विकेट निकालने में माहिर हैं. वह अपने छोटे से करियर में 5 बार एक पारी में 5 विकेट और 1 बार मैच में 10 विकेट चटका चुके हैं.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button