sports

IND vs NZ: न्यूजीलैंड में एक ही वक्त पर खेलेंगी 2 भारतीय टीमें, टेस्ट सीरीज से पहले होंगे 3 अहम मुकाबले

September 2, 2026

IND vs NZ: न्यूजीलैंड में एक ही वक्त पर खेलेंगी 2 भारतीय टीमें, टेस्ट सीरीज से पहले होंगे 3 अहम मुकाबले

इंडिया A vs न्यूजीलैंड A का शेड्यूल जारी. (फोटो- PTI)

भारतीय क्रिकेट टीम के अगले कुछ महीने बहुत व्यस्त होने जा रहे हैं. सितंबर में जहां टी20 क्रिकेट का दबदबा रहेगा तो वहीं अक्टूबर से टी20 के साथ ही वनडे क्रिकेट भी देखने को मिलेगा. इसमें भी सबसे ज्यादा इंतजार भारतीय टीम के न्यूजीलैंड दौरे का है, जिसमें तीनों फॉर्मेट की सीरीज खेली जाएगी. जहां नजरें टेस्ट सीरीज पर हैं, तो वहीं वनडे सीरीज भी खास होगी क्योंकि विराट कोहली और रोहित शर्मा को देखने का मौका मिलेगा. मगर इसी सीरीज के दौरान एक और भारतीय टीम – इंडिया A – भी न्यूजीलैंड में होगी, जो वहां न्यूजीलैंड A के खिलाफ एक सीरीज खेलेगी.

कब होगी इंडिया ए की सीरीज?

हाल ही में श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज से पहले इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेली गई अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज की तरह ही न्यूजीलैंड में भी एक सीरीज होगी. इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच होने वाली इस सीरीज में दोनों देशों के भविष्य के खिलाड़ी अपना-अपना दम दिखाकर सेलेक्टर्स को प्रभावित करने की कोशिश करेंगे. टीम इंडिया के लिहाज से ये ज्यादा अहम होगा क्योंकि इस सीरीज में कुछ उन खिलाड़ियों को भी न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में खुद को ढालने का मौका मिलेगा, जो टेस्ट स्क्वॉड का भी हिस्सा होंगे.

जानकारी के मुताबिक, भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली ये अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज 24 अक्टूबर से 10 नवंबर के बीच खेली जाएगी. ये वही वक्त है, जब भारत और न्यूजीलैंड की सीनियर टीमों के बीच टी20 और वनडे सीरीज के मैच खेले जाएंगे. यानि एक ही वक्त पर दो अलग-अलग भारतीय टीमों को अलग-अलग फॉर्मेट में खेलते हुए देखा जा सकेगा. इस सीरीज के बाद असली एक्शन 19 नवंबर से शुरू होगा, जब भारत और न्यूजीलैंड 2 टेस्ट मैच की सीरीज में आमने-सामने होंगे.

इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका

इस सीरीज में देवदत्त पडिक्कल, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत, मानव सुथार जैसे खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है, जिनका न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में चुना जाना तय है. इन खिलाड़ियों को इस A सीरीज के 3 में से एक या दो मैच खेलकर खुद को तैयार करने का अवसर मिलेगा. इनमें से कोई भी खिलाड़ी वनडे या टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं होगा, इसलिए संभावना है कि सेलेक्शन कमेटी इन्हें इंडिया A टीम में चुन सकती है.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button