Sep 02, 2026 09:01 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता

पहली तिमाही की 7.8 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ पर सियासत गरमाई तो तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जीडीपी छोड़िए मोदी जी, आपकी स्किन ग्लो कैसे करती है?
भारत की अर्थव्यवस्था की पहली तिमाही वृद्धि दर के ताजा आंकड़े जारी होते ही देश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। सरकार इन आंकड़ों को वैश्विक अनिश्चितता के बीच बड़ी उपलब्धि बता रही है, तो विपक्ष इन्हें संशोधित गणना और सांख्यिकीय जोड़-तोड़ करार दे रहा है। इसी सियासी घमासान के बीच तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर डबल अटैक किया है। उन्होंने न केवल जीडीपी आंकड़ों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए, बल्कि प्रधानमंत्री की सोशल मीडिया रणनीति और उनके स्किन ग्लो पर भी तंज कसा है।
क्या हैं ताजा जीडीपी आंकड़े?
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून में देश की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही। यह आंकड़ा भारतीय रिजर्व बैंक के 7 प्रतिशत के अनुमान से बेहतर है। सरकार का कहना है कि वैश्विक चुनौतियों और आपूर्ति श्रृंखला में रुकावटों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूत प्रदर्शन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन आंकड़ों का स्वागत करते हुए देशवासियों की मेहनत और संकल्प को श्रेय दिया।
उन्होंने विपक्ष की आलोचना को 'झूठ की गूंज' करार दिया और कहा कि निराशा फैलाने वाले लोगों की बातों के बावजूद देश ने 7.8 प्रतिशत वृद्धि हासिल की है। हालांकि विपक्ष इन आंकड़ों को लेकर संतुष्ट नहीं है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों का आरोप है कि आधार वर्ष बदलने और पिछले साल के आंकड़ों में संशोधन के कारण वर्तमान वृद्धि दर बढ़ा-चढ़ाकर दिखाई जा रही है।
महुआ मोइत्रा ने क्या कहा?
इसी बहस के बीच महुआ मोइत्रा ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी पहली तिमाही में करीब 7.9 प्रतिशत वृद्धि बताई गई थी, जिसे बाद में घटाकर करीब 7 प्रतिशत कर दिया गया। उनका आरोप था कि जीडीपी के प्रारंभिक आंकड़े बाद में संशोधित कर दिए जाते हैं। उन्होंने 2.6 प्रतिशत वाले आंकड़े का भी जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री को जीडीपी जैसे तकनीकी विषय पर कम बोलना चाहिए, क्योंकि उन्हें विषय की पूरी समझ नहीं लगती।
इस दौरान टीएमसी सांसद ने पीएम मोदी की सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जेन जी से जुड़ने की सलाह को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं और आधी रात सोशल मीडिया रील बनाने में व्यस्त हैं। वहीं, प्रधानमंत्री की 'झूठ की गूंज' वाली टिप्पणी का जवाब देते हुए महुआ ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि उन्हें खुशी है कि विपक्ष की यह गूंज अब प्रधानमंत्री के कानों तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष धन्य है कि उसकी बात सुनी जा रही है।
स्किन ग्लो पर तंज
इस दौरान महुआ मोइत्रा ने प्रधानमंत्री की स्किन ग्लों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी, मुझे आपकी स्किन की ग्लो बहुत पसंद है। आपकी त्वचा इतनी क्यों चमकती है? इसका राज क्या है? उन्होंने प्रधानमंत्री के विदेश दौरों का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में पूछा कि वे विदेश से ऐसा क्या लेकर आते हैं, जिससे उनकी त्वचा इतनी दमकती है। महुआ ने आगे कहा कि मैं 51 वर्ष की हो चुकी हैं और उन्हें भी अपनी त्वचा का ध्यान रखना है। इसलिए प्रधानमंत्री अपना स्किनकेयर सीक्रेट जरूर बताएं। महुआ ने आगे कहा कि कि जीडीपी की चिंता विपक्ष संभाल लेगा, प्रधानमंत्री स्किनकेयर रूटीन शेयर कर दें।