
बोडुगुम अखिलेश रेड्डी पर 8 साल का बैन. (फोटो- GETTY)
USA Cricketer Bodugum Akhilesh Reddy Banned: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने अमेरिका के क्रिकेटर बोडुगुम अखिलेश रेड्डी को आईसीसी एंटी-करप्शन कोड के तीन अलग-अलग नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया है. इस गंभीर मामले में ट्रिब्यूनल ने रेड्डी पर 8 साल के लिए क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से बैन कर दिया है. यह बैन 21 नवंबर 2025 से माना जाएगा, जब खिलाड़ी को पहली बार अस्थायी रूप से सस्पेंड किया गया था.
अबू धाबी T10 लीग 2025 से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में में खेली जाने वाली अबू धाबी T10 2025 से जुड़ा हुआ है. अमीरात क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इस टूर्नामेंट के लिए ICC को आधिकारिक डेजिग्नेटेड एंटी-करप्शन ऑफिशियल (DACO) नियुक्त किया था. जांच के दौरान ट्रिब्यूनल ने पाया कि अखिलेश रेड्डी ने लीग में मैच फिक्सिंग की कोशिश की थी. वहीं, दूसरे खिलाड़ी को फिक्सिंग के लिए उकसाने और जांच के दौरान मोबाइल से सबूत मिटाने की कोशिश भी की थी. जिसके चलते ये फैसला लिया गया है.
3 गंभीर आरोपों में पाए गए दोषी
आईसीसी एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने अखिलेश रेड्डी को 3 आर्टिकल के तहत दोषी ठहराया है. जिसमें मैच फिक्स करने की कोशिश, दूसरे खिलाड़ी को उकसाना और जांच में बाधा डालना है.
- आर्टिकल 2.1.1: अबू धाबी T10 2025 के दौरान मैचों के नतीजे या खेल के किसी भी पहलू को गलत तरीके से प्रभावित करने, फिक्स करने या इसके लिए किसी समझौते में शामिल होने की कोशिश करना.
- आर्टिकल 2.1.4: किसी दूसरे खिलाड़ी को कोड के अनुच्छेद 2.1.1 का उल्लंघन करने के लिए बहकाना, प्रेरित करना, प्रोत्साहित करना या जानबूझकर सहायता प्रदान करना.
- आर्टिकल 2.4.7: अपने मोबाइल फोन से अहम डेटा और मैसेज डिलीट करके एंटी-करप्शन अधिकारियों (DACO) की आधिकारिक जांच को बाधित करने की कोशिश करना.
कौन हैं बोडुगुम अखिलेश रेड्डी?
26 साल के बोदुगुम अखिलेश रेड्डी ने अमेरिका के लिए 4 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. उन्होंने नॉर्थ अमेरिका टी20 कप में केमैन आइलैंड्स के खिलाफ अमेरिका के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. इंटरनेशनल करियर में उनके नाम एक विकेट दर्ज है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More