world-news

राप्रसे से IAS बनने दिल्ली में डीपीसी आज: 13 पदों के लिए 39 नामों पर चर्चा, 2007-08 बैच के अधिकारी होंगे प्रमोट - Bhopal News

October 19, 2026

भोपाल3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

राज्य प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति के लिए आज दिल्ली में विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक होने जा रही है। इसमें 13 पदों के लिए 39 अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। इस डीपीसी में 2007 बैच के 9 और 2008 बैच के 4 अधिकारियों को प्रमोशन मिल सकता है। हालांकि, कुछ अधिकारियों की विभागीय जांच की क्लियरेंस नहीं होने के कारण उनके प्रमोशन के लिफाफे बंद रह सकते हैं।

इन अधिकारियों के नामों पर होगा विचार

दिल्ली में होने वाली डीपीसी में सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव ज्येंद्र विजयवत, राज्य निर्वाचन आयोग के उप सचिव मनोज मालवीय, परिवहन विभाग के उप सचिव कमल नागर, शहडोल के अपर कलेक्टर मिनिषा पांडेय, भोपाल जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी, इंदौर संभाग की उप आयुक्त राजस्व सपना एम. लोवंशी और खरगोन की अपर कलेक्टर नीता राठौर के नाम शामिल हैं।

इसके अलावा शाजापुर जिला पंचायत के सीईओ शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, लोकायुक्त कार्यालय की उप सचिव रानी पासी, आयुष विभाग की उप सचिव रंजना देवड़ा, महिला एवं बाल विकास विभाग की उप सचिव माधवी नागेन्द्र, पर्यावरण विभाग की उप सचिव वर्षा पूजा सोलंकी, माध्यमिक शिक्षा मंडल की अतिरिक्त सचिव प्रियंका गोयल, महिप किशोर तेजस्वी और संदीप कुमार सोनी सहित 39 अधिकारियों के नामों पर विचार होना है।

2025 बैच की डीपीसी का लंबे समय से इंतजार

वर्ष 2025 बैच के लिए राज्य प्रशासनिक सेवा से आईएएस बनने की डीपीसी का अधिकारियों को लंबे समय से इंतजार था। इसमें 2007 और 2008 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा।

इसके लिए गैर राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने पिछले दो महीने में जोर-आजमाइश की थी। उन्होंने राज्य सरकार पर उन्हें भी मौका देने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की थी। हालांकि, उन्हें फिट लिस्ट में शामिल होने का मौका नहीं मिल पाया और केवल राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को ही मौका मिल रहा है।

महिप तेजस्वी और सपना लोवंशी के नामों पर विरोध

सूची भेजे जाने के बाद महिप तेजस्वी और सपना एम. लोवंशी के नामों को लेकर विरोध भी सामने आया है। कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने तीन दिन पहले एक्स पर पोस्ट कर महिप तेजस्वी को पदोन्नति सूची में शामिल करने पर आपत्ति जताई थी। इसके अलावा आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे ने सपना लोवंशी के नाम का विरोध किया था।

.