business-finance

Hyundai Motor Q1 Results: क्रेटा बनाने वाली कंपनी ह्यूंडई को बड़ा झटका, 35% घटा मुनाफा

July 30, 2026

Hyundai Motor Q1 Results: ह्यूंडई मोटर इंडिया की कारों का भारत में एक अलग ही जलवा है. लेकिन, कंपनी के लिए इस साल अप्रैल से जून तक का समय थोड़ा भारी रहा. 30 जुलाई को कंपनी ने अपने तिमाही नतीजे घोषित किए, जिन्हें देखकर बाजार एक पल के लिए हैरान रह गया. कंपनी का मुनाफा 35 फीसदी तक गिर गया है. पर मजे की बात ये रही कि इतना बड़ा नुकसान होने के बावजूद, शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों की जमकर खरीदारी हुई.

मुनाफे में 35 फीसदी की गिरावट

सीधे पैसों की बात करें, तो इस जून तिमाही में ह्यूंडई का कुल मुनाफा घटकर 889 करोड़ रुपये रह गया है. पिछले साल इसी समय कंपनी ने 1,369 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था. यानी सीधे-सीधे 35 फीसदी की गिरावट. कंपनी की कुल कमाई (रेवेन्यू) भी मामूली सी कम होकर 16,334 करोड़ रुपये पर आ गई. कामकाजी मुनाफा यानी एबिड्टा (EBITDA) भी 31 फीसदी गिरकर 1,511.7 करोड़ रुपये रह गया है.

एक आग ने लगा दिया बड़ा ब्रेक

मुनाफा घटने के पीछे सबसे बड़ा कारण एक आग रही. दरअसल, ह्यूंडई को पार्ट्स सप्लाई करने वाली एक कंपनी की फैक्ट्री में अचानक आग लग गई थी. इस वजह से ह्यूंडई की कारों का प्रोडक्शन रुक गया और अकेले जून के महीने में करीब 13,900 गाड़ियां कम बन पाईं. जब गाड़ियां बनेंगी ही नहीं, तो बिकेंगी कैसे और मुनाफा कैसे आएगा? हालांकि, अच्छी खबर यह है कि 22 जून के बाद से काम फिर से पूरी तरह सामान्य हो गया है. कंपनी को उम्मीद है कि जुलाई से सितंबर वाले महीनों में इस नुकसान की पूरी भरपाई कर ली जाएगी.

भारत में बढ़ा कारों का क्रेज

ह्यूंडई को दूसरा झटका विदेशों से लगा. मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में चल रहे तनाव और लड़ाइयों की वजह से कंपनी का एक्सपोर्ट (निर्यात) लगभग 20 फीसदी गिरकर 38,708 यूनिट्स रह गया. लेकिन, भारतीय ग्राहकों ने कंपनी को बड़ा सहारा दिया. देश के अंदर ह्यूंडई की कारों की थोक बिक्री करीब 5.5 फीसदी बढ़कर 1,39,374 यूनिट्स हो गई. लोग आज भी क्रेटा, वेन्यू, एक्सटर जैसी एसयूवी और आई-20, वरना जैसी कारों को खूब खरीद रहे हैं. इसके अलावा कंपनी की इलेक्ट्रिक कारों की भी बाजार में अच्छी पकड़ बनी हुई है.

खराब नतीजों पर भी शेयर भागा

शेयर बाजार हमेशा आज की नहीं, बल्कि कल की तस्वीर देखता है. 30 जुलाई को ह्यूंडई का शेयर 1.27 फीसदी चढ़कर 2,018.20 रुपये पर बंद हुआ. इसके पीछे कंपनी के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग का वो बयान है, जिसने निवेशकों का भरोसा टूटने नहीं दिया. उन्होंने साफ कहा कि अब प्रोडक्शन बिल्कुल नॉर्मल हो गया है और मार्केट में गाड़ियों की डिमांड बहुत तगड़ी है. अगली तिमाही में कंपनी शानदार वापसी करेगी और अपने ग्रोथ के टारगेट को हर हाल में पूरा करेगी. इसी भरोसे के कारण निवेशकों ने शेयर खरीदे.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला

विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.

Read More

google button