business-finance

HUL के नतीजों ने दिया बड़ा झटका! मुनाफा घटा, करीब 5% तक लुढ़क गए शेयर

July 28, 2026

देश की सबसे बड़ी FMCG कंपनियों में शामिल हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने फाइनेंशियल ईयर 2026-27 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी की बिक्री में अच्छी बढ़त देखने को मिली, लेकिन बढ़ती कच्चे माल की कीमतों और खर्चों की वजह से मुनाफे पर दबाव रहा। नतीजों के बाद शेयर बाजार में भी निवेशकों की प्रतिक्रिया देखने को मिली और कंपनी का शेयर 3% से ज्यादा टूट गया। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

HUL ने बताया कि अप्रैल-जून 2026 तिमाही में उसका स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा 4% घटकर ₹2,631 करोड़ रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने ₹2,732 करोड़ का मुनाफा कमाया था। हालांकि, कंपनी की उत्पादों की कुल बिक्री 10% बढ़कर ₹16,514 करोड़ पहुंच गई, जो एक साल पहले ₹15,003 करोड़ थी। इसके पीछे कंपनी के उत्पादों की मजबूत मांग और वॉल्यूम ग्रोथ रही।

कंपनी का कहना है कि कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव अभी भी बना हुआ है। खासकर मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक स्तर पर बढ़ती महंगाई के कारण लागत बढ़ी है, जिसका असर कंपनी के मार्जिन पर पड़ा। HUL का कोर ऑपरेटिंग मार्जिन 22.8% रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 40 बेसिस प्वाइंट कम है।

अगर एकमुश्त खर्चों को अलग कर दिया जाए तो तस्वीर थोड़ी बेहतर नजर आती है। कंपनी ने इस तिमाही में ₹115 करोड़ का रिस्ट्रक्चरिंग खर्च और ₹5 करोड़ का अधिग्रहण एवं अन्य खर्च दर्ज किया। इन्हें हटाने पर कंपनी का मुनाफा 9% बढ़कर ₹3,623 करोड़ रहा।

कंसोलिडेटेड आधार पर कंपनी का शुद्ध मुनाफा 3% घटकर ₹2,673 करोड़ रहा, जबकि कुल राजस्व 10.3% बढ़कर ₹17,149 करोड़ पहुंच गया। कंपनी के अनुसार यह पिछले 13 तिमाहियों का सबसे अधिक टर्नओवर है।

HUL की CEO और MD प्रिया नायर ने कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। कंपनी अपने ब्रांड्स, नए प्रोडक्ट्स, बाजार विस्तार और वितरण नेटवर्क को मजबूत करने पर लगातार निवेश कर रही है। उनका कहना है कि कंपनी का फोकस आगे भी वॉल्यूम आधारित ग्रोथ पर रहेगा।

अगर अलग-अलग बिजनेस सेगमेंट की बात करें तो होम केयर सबसे मजबूत प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा। इस सेगमेंट की बिक्री 13% बढ़कर ₹6,560 करोड़ पहुंच गई। फैब्रिक वॉश और घरेलू सफाई उत्पादों की डिमांड में अच्छी तेजी देखने को मिली।

ब्यूटी एंड वेलबीइंग सेगमेंट ने भी शानदार प्रदर्शन किया। इसकी बिक्री ₹3,721 करोड़ रही। हेयर केयर प्रोडक्ट्स, खासकर प्रीमियम सेगमेंट में दो अंकों की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं कंपनी के स्किनकेयर ब्रांड Minimalist ने भी डबल डिजिट ग्रोथ दर्ज की। हालांकि, OZiva ब्रांड का प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा, क्योंकि कंपनी उसमें पूर्ण अधिग्रहण के बाद बिजनेस ट्रांजिशन से गुजर रही है।

पर्सनल केयर सेगमेंट की बिक्री 3.3% बढ़कर ₹2,624 करोड़ रही। कंपनी ने बताया कि लगातार दूसरे साल पाम ऑयल की महंगाई इस कारोबार पर दबाव बना रही है।

वहीं, फूड्स बिजनेस की बिक्री ₹3,480 करोड़ रही। इस दौरान चाय कारोबार में हल्की बढ़त दर्ज हुई, जबकि Bru Gold और रेडी-टू-ड्रिंक (RTD) कॉफी की बिक्री में दो अंकों की मजबूत वृद्धि देखने को मिली।

नतीजों के बाद शेयर बाजार में निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे HUL (HINDUNILVR) का शेयर NSE पर 4.60% गिरकर 2,074.50 पर कारोबार करता दिखा। निवेशकों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि आने वाली तिमाहियों में कंपनी बढ़ती लागत पर कितना कंट्रोल रख पाती है और अपने मुनाफे की रफ्तार को दोबारा तेज कर पाती है।