world-news

Hazaribagh News: स्कूल परिसर के तालाब में डूबने से आठ वर्षीय छात्र की मौत

September 24, 2026

Hazaribagh News: हजारीबाग जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत जबरा में वनांचल शिशु विद्या मंदिर के परिसर में स्थित तालाब में डूबने से कक्षा तीन के छात्र अर्पित कुमार सिंह की मौत हो गई. मृतक की उम्र करीब 7 से 8 वर्ष बताई जा रही है. वह कटकमसांडी प्रखंड के कंडसार गांव का रहने वाला था. 

अर्पित के पिता का नाम कमलेश कुमार सिंह और माता का नाम सीमा देवी है. वह वनांचल शिशु विद्या मंदिर में पढ़ाई करता था और करीब दो वर्षों से विद्यालय के हॉस्टल में रह रहा था. इसी मामले को लेकर विद्यालय प्रबंधन ने भी अपनी बात रखी है विद्यालय प्रबंधक अजीत कुमार ने कहा कि बुधवार शाम अर्पित प्लास्टिक की गेंद से खेल रहा था. खेलते समय गेंद रेलिंग के दूसरी ओर तालाब की तरफ चली गई. 

इसे भी पढ़ें: 

खनिजों पर सेस वसूली खत्म करने के विरोध में 5-6 अक्टूबर को झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र
उत्पाद विभाग ने झारखंड पुलिस से मांगा 26 साल में जब्त शराब का हिसाब

गेंद उठाने के प्रयास में अर्पित तालाब में जा गिरा और गहरे पानी में डूब गया. जिसके बाद उक्त स्थल पर अर्पित की मां सीमा देवी पहुंची जिसके चीख पुकार के बाद जब तक आसपास मौजूद लोग पहुंचे तब तक काफी देर हो चुकी थी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में बच्चे को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही अन्य परिजन विद्यालय पहुंचे. मासूम की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया. मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता और अन्य परिजन सदमे में हैं. जिस बच्चे को माता-पिता बेहतर भविष्य की उम्मीद में पढ़ने के लिए स्कूल भेज रहे थे, उसकी मौत की खबर परिजनों के लिए यकीन से परे है.

परिजनों ने स्कूल परिसर में तालाब की मौजूदगी और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने तालाब को बंद कराने की मांग की है. मृतक छात्र अर्पित की मां ने आरोप लगाया है कि उक्त तालाब के ग्रिल का चाबी हॉस्टल के अन्य छात्रों के पास रहता था जहां छात्र तालाब में नहाने के लिए भी उतरते थे.

उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में गार्ड रहता है लेकिन उससे अन्य काम लिया जाता है. आगे उन्होंने कहा कि अगर समय पर लोग पहुंच जाते, तो आज मेरा बच्चा सुरक्षित रहता. कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.