world-news

Haryana Weather: 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 11 में भारी बारिश की चेतावनी, 5°C तक गिरा तापमान, कई जगह जलभराव - Haribhoomi

July 29, 2026

हरियाणा के फरीदाबाद जैसे शहरों में भारी जलभराव के कारण यातायात बाधित हुआ है तथा डबुआ कॉलोनी में पानी में करंट फैलने से 3 पशुओं की मौत जैसी घटनाएं हुई हैं तो वहीं मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने, बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों में न जाने और सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

Haryana Weather.

हरियाणा में मौसम विभाग ने कई जिलों में जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट।

  • Published: 29 Jul 2026, 10:28 AM IST
  • Last Updated: 29 Jul 2026, 10:28 AM IST

Haryana Weather: हरियाणा में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को प्रदेश के 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 4.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।

IMD ने जारी किया जिलों में ऑरेंज अलर्ट और यलो अलर्ट
IMD के अनुसार पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

5 डिग्री तक गिरा प्रदेश का तापमान
मंगलवार को हुई बारिश के बाद कई जिलों में दिन का तापमान 5 डिग्री तक गिर गया। करनाल में अधिकतम तापमान 27.2°C और न्यूनतम 26.5°C, जबकि कैथल में दिन का तापमान 27.7°C और रात का 27.0°C दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे रहा।

फरीदाबाद में जलभराव ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
लगातार बारिश के कारण फरीदाबाद के कई इलाकों में जलभराव हो गया। डबुआ कॉलोनी में सड़क पर भरे पानी में एक कार बंद हो गई, जिसे लोगों ने धक्का देकर बाहर निकाला। एनआईटी-86 क्षेत्र में जलभराव के कारण एक ऑटो पलट गया और एक व्यक्ति सड़क पर गिर गया।

करंट फैलने से पशुओं की मौत
फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में मॉडर्न तक्षशिला स्कूल के पास जलभराव के दौरान एक ट्यूबवेल से पानी में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से दो कुत्तों और एक बछड़े की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई।

प्रदेश का तापमान

शहर    सबसे अधिक तापमान
सिरसा  38.0°C
हिसार 36.8°C
भिवानी और नारनौल 35.0°C
फतेहाबाद 34.0°C

रात के तापमान में अधिक बदलाव नहीं हुआ। नारनौल, गुरुग्राम और करनाल में न्यूनतम तापमान 26.0°C दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश जिलों में रात के समय नमी और उमस बनी रही।

मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों पर न जाने और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।