sports

Hardik Pandya: प्लास्टिक की बॉल से क्यों खेल रहे हार्दिक पंड्या? टीम इंडिया के स्टार का अभी ऐसा हाल

July 24, 2026

Hardik Pandya: प्लास्टिक की बॉल से क्यों खेल रहे हार्दिक पंड्या? टीम इंडिया के स्टार का अभी ऐसा हाल

Hardik Pandya Practice PtiImage Credit source: PTI

टीम इंडिया के खिलाड़ियों में चोट के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ाई हुई है. कप्तान शुभमन गिल से लेकर जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ी हाल के दिनों में चोटिल हुए हैं. खास तौर पर हर्षित और वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ियों की चोट ने ज्यादा टेंशन दी हुई है. मगर इन सबके बीच अभी भी सबसे ज्यादा बेचैनी और उत्सुकता स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की फिटनेस को लेकर है, जो IPL 2026 के बाद से ही बाहर हैं. एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि हार्दिक की फिटनेस बेहतर हो रही है और वो अपनी क्षमता को बढ़ाने के लिए बेंगलुरु में जमकर अभ्यास कर रहे हैं.

बॉलिंग वर्कलोड बढ़ाने पर हार्दिक का ध्यान

रेवस्पोर्ट्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ वक्त से बेंगलुरु में रह रहे हार्दिक पंड्या लगातार BCCI के ‘सेंटर ऑफ एक्सिलेंस’ (CoE) में रहकर अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं. इसके लिए वो लगभग रोजाना 12 ओवर तक गेंदबाजी कर रहे हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि हार्दिक रोजाना शाम के वक्त करीब 3-4 घंटे अभ्यास करते हैं और इसमें उनका सबसे ज्यादा फोकस अपने बॉलिंग वर्कलोड को धीरे-धीरे बढ़ाना है, ताकि टीम में लौटते हुए वो पूरी तरह तैयार रहें.

प्लास्टिक की गेंदों से कर रहे जमकर अभ्यास

मगर हार्दिक के इस अभ्यास में सबसे अहम और कुछ हैरान करने वाला फैसला है प्लास्टिक की गेंदों के सामने बैटिंग करना. रिपोर्ट में बताया गया है कि हार्दिक टाइल्स या कंक्रीट के फर्श पर प्लास्टिक की गेंदों के सामने बैटिंग प्रैक्टिस कर रहे हैं. असल में इसकी वजह ये है कि हार्दिक अपनी बैटिंग रिफ्लैक्स को बेहतर करना चाहते हैं. ऐसे फर्श पर अक्सर प्लास्टिक की गेंद बहुत तेजी से आती है, जिससे बल्लेबाज को रिएक्ट करने के लिए कम वक्त मिलता है. इसको ध्यान में रखते हुए ही हार्दिक ये अभ्यास कर रहे हैं, ताकि उनकी रिएक्ट करने की गति तेज हो.

फिटनेस और प्रैक्टिस के लिए बेंगलुरु हुए शिफ्ट

IPL के बाद कुछ दिन मैदान से बाहर रहने के बाद हार्दिक पंड्या को दोबारा चोट लग गई थी, जिसके चलते उन्हें अफगानिस्तान वाली वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया था. इसके बाद से ही हार्दिक ने दोबारा बेंगलुरु में जाकर अभ्यास शुरू कर दिया था. इतना ही नहीं, हार्दिक ने CoE की सुविधाओं का पूरा फायदा उठाने और ज्यादा से ज्यादा वक्त वहां तैयारियों के लिए बिताने के कारण ही मुंबई को छोड़कर बेंगलुरु में बसने का फैसला किया है. आने वाले कुछ सालों तक हार्दिक यहीं रहा करेंगे.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button