world-news

Gwalior Truck Accident: ग्वालियर जयारोग्य अस्पताल पहुंचे सीएम मोहन यादव, घायलों से मिले, मृतकों के परिजन से भी करेंगे मुलाकात

October 19, 2026

Gwalior Truck Accident:मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने ग्वालियर ट्रक हादसे में घायल लोगों से जयारोग्य अस्पताल ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से घायलों को दिए जा रहे इलाज और चिकित्सा सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।

घायलों को फ्री इलाज देने के निर्देश

सीएम डॉ. मोहन यादव ने डॉक्टरों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर और निशुल्क इलाज दिया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज और देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सीएम बोले- सरकार सभी लोगों के साथ खड़ी है

घायलों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से कहा कि बीती रात एक घटना घटी थी। हम उस घटना में घायल हुए लोगों से मिलने यहां आए हैं । हम घायलों को बेहतर चिकित्सा दिलाने के लिए तत्पर हैं। और घटना की जांच के हमने निर्देश दे दिए हैं। हर व्यक्ति की चिंता करने का काम सरकार का है। सरकार सभी लोगों के साथ खड़ी है। इस घटना के दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

cm mohan yadav gwalior accident
डॉक्टरों से जानकारी लेते हुए सीएम मोहन यादव

सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज कराना

सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। आवश्यकता पड़ने पर एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी, लेकिन घायलों को हर संभव बेहतर उपचार मिले, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार अधिकांश घायलों की स्थिति में पहले की तुलना में सुधार है। हालांकि, एक-दो गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

मृतकों के परिजन से भी मिलेंगे सीएम

मुख्यमंत्री ने घायलों के लिए जरूरी चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने भी घायलों का हालचाल जाना। इसके बाद सीएम गदाईपुरा जाएंगे, जहां हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन से मुलाकात करेंगे।

हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच

ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे की मजिस्ट्रियल जांच (Magisterial Inquiry) होगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने जांच के आदेश जारी किए हैं। अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद को जांच अधिकारी बनाया गया है। उन्हें 7 दिन के अंदर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

ये खबर भी पढ़ें: ग्वालियर ट्रक हादसे में बड़ी लापरवाही, नशे में धुत ड्रायवर ने गूगल मैप देखकर नो एंट्री में दौड़ाया था ट्रक

हादसे में 15 लोगों की मौत, 42 घायल

सांतऊ गांव के शीतला माता मंदिर के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक्सीडेंट (Gwalior Truck Accident) हुआ था। नो एंट्री में घुसा ओवरलोड ट्रक मंदिर की दीवार से टकरा गया था। हादसे में बच्चों समेत 15 लोगों की मौत हुई, जबकि 42 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर 9 पुलिस अधिकारियों और जवानों को सस्पेंड कर दिया गया था।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें -https://chat.whatsapp.com/IXahwEVgJHyHpyGZjyYpHk