world-news

Gwalior Bus Fire: ग्वालियर में भोपाल जा रही बस में लगी भीषण आग, 25 यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बचाई जान - Haribhoomi

September 6, 2026

ग्वालियर के विवेकानंद चौराहे पर भोपाल जा रही शरद ट्रैवल्स की बस में आग लग गई। बस में सवार 25 यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर और दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। एक बुजुर्ग यात्री धुआं भरने से बेहोश हो गए, जिन्हें CPR देने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया।

Gwalior Bus Fire

ग्वालियर में भोपाल जा रही बस में लगी भीषण आग

  • Published: 06 Sep 2026, 01:38 PM IST
  • Last Updated: 06 Sep 2026, 01:38 PM IST

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार रात उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब भोपाल जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। आग तेजी से फैलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कुछ यात्रियों ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और बाहर कूदकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। सभी 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

विवेकानंद चौराहे पर अचानक उठने लगा धुआं
जानकारी के मुताबिक, शरद ट्रैवल्स की वीडियो कोच बस शनिवार रात करीब 10:30 बजे ग्वालियर रोडवेज बस स्टैंड से भोपाल के लिए रवाना हुई थी। करीब आधे घंटे बाद बस जब चेतकपुरी इलाके के विवेकानंद चौराहे के पास पहुंची तो यात्रियों को अंदर धुआं दिखाई दिया।

यात्रियों ने तत्काल ड्राइवर और क्लीनर को इसकी जानकारी दी। इसी दौरान बस चौराहे पर कुछ यात्रियों को बैठाने के लिए रुकी। तभी बस के पिछले हिस्से से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने तेजी से बस को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर धुआं भर गया।

#WATCH | Gwalior, Madhya Pradesh: A bus travelling from Gwalior to Bhopal caught fire near Chetapuri Crossing, caused by a technical fault. Around 28–30 passengers were on board; all were safely evacuated, and no casualties were reported. Fire tenders brought the blaze under… pic.twitter.com/xX2LZsDXoR

— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) September 5, 2026

खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री
आग बढ़ती देखकर यात्रियों में घबराहट फैल गई। कुछ लोग बस के दरवाजे से बाहर निकले, जबकि कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने का रास्ता बनाया। बस स्टाफ, स्थानीय लोगों और अन्य यात्रियों की मदद से सभी 25 लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।

इस दौरान एक बुजुर्ग यात्री, जिन्हें हृदय संबंधी बीमारी बताई जा रही है, धुआं अंदर जाने के कारण बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें CPR दिया। इसके बाद उनकी हालत स्थिर हुई और उन्हें उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।

आग में पूरी तरह जल गई बस
घटना की सूचना मिलने के करीब 10 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दो फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आग लगने का सटीक कारण अभी सामने नहीं आया है। शुरुआती जानकारी में बस के पिछले हिस्से में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।