Ghaziabad Double Murder Case: गाजियाबाद में बेटों ने माता-पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गाजियाबाद में बेटों ने की माता-पिता की हत्या।
- Published: 22 Jul 2026, 04:15 PM IST
- Last Updated: 22 Jul 2026, 04:15 PM IST
Ghaziabad Double Murder Case: गाजियाबाद में क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीम नगर इलाके में अपने ही माता-पिता की हत्या करने वाले 2 भाइयों दीपक और ललित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले को लेकर मृतक दंपत्ति की बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके दोनों भाइयों ने 20 जुलाई की रात अपनी मां विमलेश और पिता गंगाराम की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी थी। मामले को लेकर बेटी की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉसिंग रिपब्लिक में केस दर्ज कर लिया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के साथला गांव के रहने वाले गंगा शरण और उनकी पत्नी विमलेश के तौर पर हुई है। वहीं आरोपी भाइयों की पहचान 32 वर्षीय दीपक और 27 वर्ष के ललित के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि लॉकडाउन के दौरान दीपक और ललित की शादी हुई थी। दीपक और ललित नशे के आदि थे, जिसकी वजह से पत्नियां उन्हें छोड़ कर चली गई थी। मृतक दंपति और बेटे साथ में रहते थे। गंगा चरण की दोनों बेटियों, ललिता और ज्योति की शादी हो चुकी है।
जन्मदिन पर शराब पीकर आए थे दोनों
20 जुलाई 2026 को ललित का जन्मदिन था। जन्मदिन पर ललित और दीपक नशे की हालत में देर रात घर पहुंचे थे। माता-पिता ने जब दोनों बेटों को रोज-रोज नशे की हालत में घर पहुंचने को लेकर टोका तो विवाद हो गया। गंगा शरण ने दोनों बेटों पर गुस्सा किया, जिसके चलते दोनों बेटे गंगा शरण के साथ मारपीट करने लगे। जब चीख पुकार सुनाई दी तो मां विमलेश दौड़ी हुई आई और बीच बचाव करने लगी। इसी बीच दोनों बेटों ने मां की भी पिटाई कर दी,दोनों बेटों ने मिलकर माता-पिता को पीटा फिर हथौड़े से हमला किया। इसके बाद मुंह दबाकर दोनों की हत्या कर दी।
दोनों को थी नशे की लत
पुलिस का कहना है कि दीपक और ललित नशा करने के आदि थे। बुजुर्ग मां-बाप को बेटों की यह आदत पसंद नहीं थी। माता-पिता द्वारा अक्सर दीपक और ललित को नशा छोड़ने को लेकर समझाया जाता था। माता-पिता समझाते थे कि नशा छोड़ दो और कुछ काम करो जिससे कि घर में दो पैसे आएंगे। माता-पिता का समझाना दीपक और ललित को नागवार गुजरता था।दीपक और ललित जब नशे में घर आते थे तो माता-पिता समझाते थे।जिसको लेकर अक्सर घर में विवाद होता था।
माता-पिता के साथ मारपीट
20 जुलाई की रात को ललित और दीपक नशा कर कर आए थे।जवान बेटों की हरकत से तंग आ चुके मां-बाप ने गुस्सा किया. बेटों से मां-बाप का गुस्सा बर्दाश्त ना हो सका और दोनों ने मिलकर पहले माता-पिता की पिटाई की और फिर मुंह दबाकर उनकी हत्या कर दी। बता दें कि इससे पहले 16 जुलाई को मोदीनगर के बुढ़ाना गांव में संपत्ति विवाद के चलते बेटे ने अपनी ही पिता की गोली मार कर हत्या कर दी थी।
कार्यवाहक डीसीपी एस एन तिवारी के मुताबिक, गंगा शरण और मिथलेश की हत्या में आरोपी बेटों, ललित और दीपक को गिरफ्तार किया गया है. मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के रिछपाल गढ़ी की पुलिया के पास से दोनों को गिरफ्तार किया गया है. अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।