राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 6 अगस्त को मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में जेनरेशन Z और जेनरेशन अल्फा के छात्रों को संबोधित करेंगे. यह कार्यक्रम इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस (I.I.M.U.N.) की स्थापना के 15 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित वार्षिक चैम्पियनशिप कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन समारोह का हिस्सा होगा.
सम्मेलन में देश के 100 से अधिक शहरों से आए 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 2,000 से अधिक स्कूली और कॉलेज छात्र भाग लेंगे. इस अवसर पर I.I.M.U.N. के संस्थापक ऋषभ शाह ने कहा, “नेतृत्व केवल अगली पीढ़ी का मार्गदर्शन करने का नाम नहीं है, बल्कि उसकी बात सुनना भी उतना ही महत्वपूर्ण है. भारत के इस महत्वपूर्ण दौर में ऐसा संवाद पहले से कहीं अधिक आवश्यक है. मैं मोहन भागवत का आभारी हूं कि उन्होंने इस महत्वपूर्ण अवसर पर युवाओं को संबोधित करने का हमारा निमंत्रण स्वीकार किया.”
डॉ. मोहन भागवत का संबोधन I.I.M.U.N. की प्रमुख वार्षिक चैम्पियनशिप कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ करेगा. इस सम्मेलन में छात्र स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा और विचार-विमर्श करेंगे. संस्था हर वर्ष 108 सम्मेलन आयोजित करती है और 15 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के नेतृत्व में हजारों नागरिक जागरूकता एवं सामुदायिक कार्यक्रम संचालित करती है, जिनमें 11 से 19 वर्ष के छात्र भाग लेते हैं. इस वर्ष उद्घाटन समारोह की थीम “दुनिया को भारतीय दृष्टिकोण से एकजुट करने में युवाओं की भूमिका” रखी गई है.
I.I.M.U.N. सार्वजनिक मामलों का मंच
I.I.M.U.N. की स्थापना वर्ष 2011 में ऋषभ शाह ने की थी. यह एक सार्वजनिक मामलों का मंच है, जिसका उद्देश्य भारत के विचारों और मूल्यों का प्रसार करते हुए भविष्य के नेतृत्व को तैयार करना है. पिछले 15 वर्षों में इस संगठन का संचालन मुख्य रूप से 15 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं द्वारा किया गया है.
संस्था का सलाहकार मंडल
इसके कई पूर्व प्रतिभागी और आयोजक आज जनप्रतिनिधि, सिविल सेवक, लेखक, वकील, अभिनेता और उद्योग जगत के अग्रणी व्यक्तित्व बन चुके हैं. संस्था के सलाहकार मंडल में अजय पीरामल, दीपक पारेख, नादिर गोदरेज, डॉ. शशि थरूर, पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़, करण जौहर, सशस्त्र बलों के पूर्व प्रमुख और पी.टी. ऊषा सहित विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हैं.
I.I.M.U.N. भारत के 275 शहरों और 40 देशों तक
अपने 15वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी I.I.M.U.N. की गतिविधियां भारत के 275 शहरों और 40 देशों तक फैली हुई हैं. संगठन का दावा है कि अब तक उसके कार्यक्रमों से 7.5 करोड़ से अधिक युवा जुड़े हैं और 1.5 लाख से अधिक स्कूलों और कॉलेजों के साथ काम किया गया है. संस्था के मंच पर अब तक 32 राष्ट्राध्यक्ष, नोबेल पुरस्कार विजेता, ऑस्कर विजेता और 34,000 से अधिक प्रतिष्ठित वक्ता एवं विशिष्ट अतिथि संबोधित कर चुके हैं.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More