world-news

Gemini Spark AI एजेंट भारत में लॉन्च: फोन बंद होने पर भी चलता रहेगा AI, ईमेल और Docs को करेगा मैनेज - Haribhoomi

July 29, 2026

Google ने भारत में Gemini Spark AI Agent रोलआउट शुरू कर दिया है। Google AI Pro और Ultra यूजर्स अब Gmail, Docs और Sheets के साथ AI से कई डिजिटल काम ऑटोमेटिक करा सकेंगे।

Gemini Spark AI Agent Launched India

Gemini Spark AI एजेंट भारत में लॉन्च: फोन बंद होने पर भी चलता रहेगा AI, ईमेल और Docs को करेगा मैनेज।

  • Published: 29 Jul 2026, 04:09 PM IST
  • Last Updated: 29 Jul 2026, 04:09 PM IST

Google ने भारत में अपने नए Gemini Spark AI Agent का रोलआउट शुरू कर दिया है। यह फीचर फिलहाल Google AI Pro और Google AI Ultra सब्सक्रिप्शन वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। Gemini Spark एक सामान्य चैटबॉट की तरह सिर्फ सवालों के जवाब नहीं देगा, बल्कि यूजर्स के निर्देश के आधार पर कई डिजिटल काम खुद पूरा कर सकेगा।

यह AI एजेंट बैकग्राउंड में काम करता रहेगा, भले ही यूजर का लैपटॉप बंद हो या फोन लॉक हो। Google के मुताबिक, Gemini Spark को कंपनी के सुरक्षित क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर बनाया गया है, जिससे यह बिना किसी अतिरिक्त सेटअप के Gmail, Google Docs और Google Sheets जैसे Workspace ऐप्स के साथ काम कर सकता है।

क्या है Gemini Spark AI Agent?
Gemini Spark Google का नया AI एजेंट है, जो Gemini 3.6 Flash मॉडल पर आधारित है। इसका उद्देश्य पारंपरिक सवाल-जवाब वाले AI अनुभव से आगे बढ़कर यूजर के दिए गए निर्देशों के अनुसार काम करना है। यूजर जब Gemini Spark को कोई टास्क सौंपता है, तो यह बिना लगातार निगरानी के उस काम को पूरा करने की कोशिश करता है। उदाहरण के तौर पर, यह ईमेल व्यवस्थित करना, डॉक्यूमेंट तैयार करना या डेटा का विश्लेषण जैसे काम कर सकता है।

Gmail, Docs और Sheets के साथ करेगा काम
Gemini Spark सीधे Google Workspace ऐप्स से जुड़कर काम करता है। यूजर्स इसे Gmail, Google Docs और Google Sheets के साथ इस्तेमाल कर सकते हैं। क्लाउड आधारित होने की वजह से यह यूजर के डिवाइस ऑफलाइन होने पर भी काम जारी रख सकता है। हालांकि, Google का कहना है कि AI एजेंट पूरी तरह यूजर के कंट्रोल में रहेगा।

यूजर खुद तय कर सकेंगे कि Gemini Spark को कौन-कौन से ऐप्स का एक्सेस देना है। इसके अलावा, ईमेल भेजने या खरीदारी जैसे महत्वपूर्ण काम करने से पहले यह यूजर से अनुमति भी मांगेगा।

भारत में कैसे इस्तेमाल करें Gemini Spark?
Google AI Pro या Google AI Ultra प्लान इस्तेमाल करने वाले भारतीय यूजर्स Gemini Spark को Gemini वेबसाइट या Gemini ऐप के जरिए एक्सेस कर सकते हैं। इसे इस्तेमाल करने के लिए:

  • Gemini वेबसाइट या ऐप खोलें।
  • लेफ्ट मेन्यू में Google Spark विकल्प चुनें।
  • इसके बाद AI एजेंट को टेक्स्ट या वॉइस के जरिए अपना टास्क बताएं।
  • यूजर वन-टाइम काम के साथ-साथ कुछ कामों को ऑटोमेटिक शेड्यूल भी कर सकते हैं।

ध्यान रखें कि यह फीचर अभी चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया जा रहा है, इसलिए सभी यूजर्स को तुरंत यह विकल्प दिखाई नहीं दे सकता।

Gemini Spark से कौन-कौन से काम करा सकते हैं?
Gemini Spark कई रोजमर्रा के डिजिटल कामों में मदद कर सकता है। यूजर इससे शादी के RSVP ईमेल को टेबल में व्यवस्थित करने, ग्राहक के सवालों के जवाब तैयार करने, ट्रैवल प्लान बनाने और मासिक बिलों की समीक्षा जैसे काम करा सकते हैं। इसके अलावा, यह पुराने ईमेल को समझकर यूजर की लिखने की शैली को पहचान सकता है और भविष्य में उसी अंदाज में ईमेल ड्राफ्ट करने में मदद कर सकता है।

AI की दुनिया में Google का बड़ा कदम
Gemini Spark के जरिए Google AI को सिर्फ जानकारी देने वाले टूल से आगे ले जाने की कोशिश कर रहा है। AI एजेंट की मदद से यूजर्स कई ऐसे काम ऑटोमेट कर पाएंगे, जिनमें पहले काफी समय लगता था। हालांकि, इसकी उपलब्धता फिलहाल सीमित यूजर्स तक है और आने वाले समय में Google इसे और ज्यादा यूजर्स के लिए जारी कर सकता है।