world-news

Ganesha Bhog: गणेश मंदिर में मिठाई नहीं, चढ़ाई जाती है बबल टी; जानें बैंकॉक की अनोखी परंपरा - Haribhoomi

September 19, 2026

Ganesha Bhog in Bangkok: बैंकॉक के गणेश मंदिर में भक्त बबल टी का भोग चढ़ाते हैं। जानें इस अनोखी स्थानीय परंपरा और मनोकामना से जुड़ी मान्यता।

Ganesha Bhog

Ganesha Bhog

  • Published: 19 Sep 2026, 10:29 AM IST
  • Last Updated: 19 Sep 2026, 10:29 AM IST

Ganesha Bhog in Bangkok: गणेश उत्सव की शुरुआत इस साल 14 सितंबर 2026 से हुई है और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन गणपति विसर्जन के साथ उत्सव का समापन होगा। गणेश चतुर्थी के दौरान देशभर में भक्त भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना करते हैं।

भगवान गणेश को प्रथम पूज्य और विघ्नहर्ता माना जाता है। पूजा के दौरान उन्हें मोदक, लड्डू, दूर्वा और अपनी श्रद्धा के अनुसार अलग-अलग तरह के भोग अर्पित किए जाते हैं। लेकिन भारत से हजारों किलोमीटर दूर थाईलैंड में गणेश जी को लगाया जाने वाला एक भोग काफी अलग है।

गणेश जी को चढ़ाई जाती है बबल टी
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में गणेश जी के एक मंदिर से जुड़ी ऐसी ही स्थानीय परंपरा सामने आई है। यहां भक्त भगवान गणेश को मिठाई या मोदक की जगह बबल टी यानी बोबा मिल्क टी के कप चढ़ाते हैं।

बैंकॉक के यूनियन मॉल के बाहर स्थित गणेश मंदिर में भक्तों को गणेश जी के सामने बबल टी के कप अर्पित करते हुए देखा गया। बैंकॉक में रहने वाली कंटेंट क्रिएटर पिया पिंग ने इस परंपरा से जुड़ा वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वीडियो में वह भी भगवान गणेश के लिए बबल टी लेकर मंदिर पहुंचती दिखाई दे रही हैं।

मनोकामना पूरी होने पर बढ़ा देते हैं बबल टी के कप
वीडियो में बताई गई स्थानीय मान्यता के अनुसार, भक्त अपनी मनोकामना पूरी होने के बाद भगवान गणेश को पहले से ज्यादा बबल टी अर्पित करने के लिए वापस आते हैं।

उदाहरण के तौर पर, अगर किसी भक्त ने मनोकामना मांगते समय 3 कप बबल टी चढ़ाई है, तो इच्छा पूरी होने के बाद वह 6 या 12 कप चढ़ा सकता है। वीडियो में कुछ मामलों में यह संख्या 200 कप तक पहुंचने की बात भी बताई गई है।

यह मान्यता सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है। हालांकि, इसे बैंकॉक की स्थानीय धार्मिक परंपरा और वीडियो में बताई गई मान्यता के संदर्भ में ही देखा जाना चाहिए।

मंदिर के पास बबल टी ब्रांड की जानकारी भी
इस परंपरा की एक और दिलचस्प बात मंदिर के आसपास देखने को मिलती है। जानकारी के मुताबिक, गणेश मंदिर के पास एक गाइड लगा हुआ है, जिसमें यूनियन मॉल के अंदर मौजूद अलग-अलग बबल टी ब्रांड और उनके फ्लोर की जानकारी दी गई है। यानी भक्त अपनी पसंद की बबल टी खरीदकर उसे भगवान गणेश को अर्पित कर सकते हैं।

भारत में भी हुई इस अनोखे भोग की चर्चा
गणेश जी को बबल टी चढ़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद भारतीय दर्शकों के बीच भी इसकी चर्चा होने लगी। भारत में गणेश पूजा के दौरान मोदक, लड्डू और अन्य पारंपरिक प्रसाद चढ़ाने की परंपरा आम है। ऐसे में बबल टी को भोग के रूप में चढ़ाते देखना कई लोगों के लिए बिल्कुल अलग अनुभव रहा।

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे थाईलैंड की दिलचस्प स्थानीय परंपरा बताया, जबकि कई लोगों ने गणेश पूजा के इस अलग रूप पर अपनी प्रतिक्रियाएं भी साझा कीं।