
वाइब और दायरा ने कितने कमाए?
Box Office Compare: सिनेमाघरों में नई फिल्मों का आगमन हुआ है. लेकिन पहले से ही कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन कर के दिखा रही हैं. इन फिल्मों में हनुमान अंश और मिर्जापुर द मूवी का नाम शामिल है. दोनों ही फिल्मों को ऑडियंस का पूरा सपोर्ट मिल रहा है. यही वजह है कि सिनेमाघरों में करीना कपूर की दायरा और कुणाल खेमू की वाइब फिल्म को लेकर ऑडियंस की कोई खास दिलचस्पी नजर नहीं आई है. करीना फिल्म इंडस्ट्री का नामी चेहरा हैं. ऊपर से फिल्म में साउथ के बड़े स्टार पृथ्वीराज सुकुमारन भी हैं. लेकिन इन दोनों कलाकारों की उपस्थिति और ट्रेलर को मिला जोरदार रिस्पॉन्स भी इस फिल्म की नैया पार लगाता नजर नहीं आ रहा है.
वहीं कुणाल खेमू की वाइब से उतने ज्यादा कलेक्शन की उम्मीद नहीं थी लेकिन इसके बाद भी इस फिल्म ने कमाई के मामले में करीना की दायरा फिल्म को पीछे छोड़ दिया है. यही बात इस फिल्म के कलेक्शन को यूनिक बनाती है. आइये जानते हैं कि बॉक्स ऑफिस पर आई इन दोनों फिल्मों का हाल कैसा है.
करीना की दायरा ने कितने कमाए?
बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर की फिल्म दायरा ने सिनेमाघरों में पहले दिन सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक नेट कलेक्शन के मामले में 90 लाख रुपये कमाए हैं. वहीं इस फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1.08 करोड़ रुपये का रहा है. फिल्म को कुल 2283 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था. वहीं बात करें वाइब फिल्म की तो इसने रिलीज के पहले दिन नेट कलेक्शन के मामले में 1.50 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है. वहीं दूसरी तरफ फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1.80 करोड़ रुपये का रहा है. इस फिल्म ने करीना की दायरा को पीछे छोड़ दिया है. हालांकि कलेक्शन तो दोनों ही फिल्मों का कम ही माना जाएगा. अब पहले वीकेंड पर भी कोई चमत्कार ही दोनों फिल्मों की कमाई में खास इजाफा ला सकता है.
ये भी पढ़ें- Mirzapur BO: ओवरसीज में मिर्जापुर द मूवी की हॉफ सेंचुरी, लेकिन 300 करोड़ से अब भी 1 कदम दूर, फिल्म के लिए तीसरा वीकेंड है खास
दायरा फिल्म की बात करें तो ये एक मिस्ट्री-क्राइम-थ्रिलर फिल्म थी जिसमें करीना कपूर लीड महिला पुलिस अफसर के रोल में नजर आई हैं. वहीं दूसरी तरफ फिल्म में उनके अपोजिट पृथ्वीराज सुकुमारन भी नजर आए. ट्रेलर के पसंद किए जाने के बाद भी फिल्म की पहले दिन की कमाई काफी निराशाजनक रही. वहीं दूसरी तरफ बात करें अगर वाइब फिल्म की तो इसमें कुणाल खेमू लीड रोल में हैं. वहीं फिल्म में प्रीति जिंटा और यशपाल शर्मा भी अहम रोल में हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म का बजट 35 करोड़ का है. ऐसे में फिल्म के लिए ये स्टार्ट चिंताजनक कही जा सकती है. उससे भी बड़ी बात तो ये है कि हनुमान अंश और मिर्जापुर फिल्म का जैसा कलेक्शन देखने को मिल रहा है उस हिसाब से दायरा और वाइब की आगे की राह भी कम चुनौतीपूर्ण नहीं होगी.

पुनीत उपाध्याय
पत्रकारिता जगत में 7 साल पूरे कर चुके पुनीत उपाध्याय रायबरेली से ताल्लुक रखते हैं. वे टीवी 9 के डिजिटल विंग में साल 2022 से सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. कला, संगीत, सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक रखते हैं. साथ ही इससे जुड़ी हर छोटी, बड़ी और रोचक खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं. इसके अलावा वे अन्य बीट्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पुनीत मानते हैं कि कला सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि उससे इतर अंतरमन से जुड़ने और समाज से रूबरू होने का एक सार्थक जरिया भी है. CSJM कानपुर युनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद पुनीत ने ITMI (इंडिया टुडे मीडिया इंस्टिट्यूट) से मास कॉम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा का कोर्स किया है. पुनीत की पहली जॉब आज तक में थी जहां उन्होंने 4 साल सब एडिटर की पोस्ट पर काम किया और मनोरंजन बीट के लिए अपनी सेवाएं दीं. पुनीत की रुचि लिखने में है और वे कलम की धार से समाज में बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं. इसके अलावा उनकी रुचि आध्यात्म, साहित्य, गायन, दर्शन, क्रिकेट और मनोविज्ञान में है.
Read More