
महात्मा गांधी का किरदार निभाने वाले एक्टर
Gandhi Jayanti: गांधी जयंती के मौके पर देशभर में महात्मा गांधी को याद किया जाता है. सत्य, अहिंसा और सादगी के उनके विचार आज भी लोगों के बीच खास जगह रखते हैं. महात्मा गांधी का व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली रहा है कि सिनेमा भी उनसे अछूता नहीं रहा. कई फिल्मों में गांधी जी के जीवन, उनके संघर्ष और आजादी की लड़ाई में उनके योगदान को पर्दे पर दिखाया गया है. इन फिल्मों में उनका किरदार निभाना किसी भी कलाकार के लिए आसान नहीं रहा, क्योंकि उनके हाव-भाव, बोलने के अंदाज और व्यक्तित्व को पर्दे पर उतारना एक कला है.
बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा में कई बड़े कलाकारों ने महात्मा गांधी की भूमिका निभाई है और हर किसी ने अपने अलग अंदाज में इस किरदार को पेश किया है. किसी ने गांधी जी के शांत और सरल व्यक्तित्व को पर्दे पर उतारा, तो किसी ने उनके संघर्ष और विचारों को अपनी एक्टिंग के जरिए दर्शकों तक पहुंचाया. गांधी जयंती के इस खास मौके पर आइए जानते हैं उन 10 कलाकारों के बारे में, जिन्होंने फिल्मों में महात्मा गांधी का किरदार निभाकर अपनी अलग छाप छोड़ी.
ये भी पढ़ें: Nushrratt Bharuccha Accident: नुसरत भरूचा का बाली में हुआ एक्सीडेंट, अस्पताल में भर्ती एक्ट्रेस
बेन किंग्सले – ‘गांधी’ (1982)
ब्रिटिश एक्टर बेन किंग्सले ने रिचर्ड एटनबरो की फिल्म गांधी (1982) में महात्मा गांधी का किरदार निभाया था. फिल्म में उन्होंने गांधी जी के जीवन, संघर्ष और अहिंसा के सिद्धांतों को बेहद प्रभावशाली अंदाज में पर्दे पर उतारा. महात्मा गांधी के किरदार में उन्हें इतना पसंद किया गया कि इसके लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का ऑस्कर अवॉर्ड भी मिला था. आज भी बेन को महात्मा गांधी के निभाए रोल के लिए सबसे बेस्ट माना जाता है.
नसीरुद्दीन शाह – ‘हे राम’ (2000)
नसीरुद्दीन शाह भी महात्मा गांधी का किरदार निभा चुके हैं. एक्टर ने कमल हासन की फिल्म ‘हे राम’ में गांधी का किरदार निभाया था. फिल्म भारत के विभाजन और उसके बाद के सांप्रदायिक तनाव की पृष्ठभूमि पर आधारित थी. फिल्म में उनका किरदार काफी अहम था और उन्हें काफी अच्छे से इसे पर्दे पर उतारा भी था.
रजित कपूर – ‘द मेकिंग ऑफ द महात्मा’ (1996)
साल 1996 में आई फिल्म ‘द मेकिंग ऑफ द महात्मा’ में एक्टर रजित कपूर ने महात्मा गांधी का किरदार निभाया था. श्याम बेनेगल की इस फिल्म में गांधी जी के दक्षिण अफ्रीका में बिताए वर्षों और उनके महात्मा बनने की यात्रा को दिखाया गया था. रजित कपूर ने गांधी के युवा रूप और उनके विचारों में आए बदलावों को बेहद सहज तरीके से पर्दे पर पेश किया. इस किरदार के लिए उनकी खूब तारीफ हुई थी.
दर्शन जरीवाला -‘गांधी, माई फादर’ (2007)
दर्शन जरीवाला ने ‘गांधी, माई फादर’ के रोल में नजर आए थे. ये फिल्म साल 2007 में रिलीज हुई थी. फिल्म गांधी जी और उनके बड़े बेटे हरिलाल गांधी के रिश्ते पर केंद्रित थी. ऐसे में दर्शन जरीवाला के किरदार में सिर्फ एक राष्ट्रपिता की छवि नहीं, बल्कि एक पिता और परिवार के मुखिया के रूप में गांधी जी के व्यक्तित्व को भी दिखाया गया. फिल्म में उनके अभिनय की भी खूब तारीफ हुई थी.
दिलीप प्रभावलकर – ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ (2006)
दिलीप प्रभावलकर ने ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ में गांधी जी का किरदार निभाकर एक अलग पहचान बनाई थी. राजकुमार हिरानी की इस फिल्म में गांधी जी मुख्य रूप से संजय दत्त के किरदार मुन्नाभाई को दिखाई देते हैं और उससे बातचीत करते हैं. फिल्म ने गांधी जी के विचारों को गांधीगिरी के जरिए आम दर्शकों तक पहुंचाया. दिलीप ने गांधी जी के किरदार को बखूबी निभाया था और हर किसी को अपना फैन बना लिया था.
अन्नू कपूर – ‘सरदार’ (1993)
साल 1993 में फिल्म आई थी सरदार. इस फिल्म में अन्नू कपूर ने महात्मा गांधी की भूमिका निभाई थी. फिल्म सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर आधारित थी. इस ऐतिहासिक कहानी में गांधी जी महत्वपूर्ण किरदार के रूप में थे, जिसे अन्नू कपूर ने बखूबी पर्दे पर पेश किया था.
सुरेंद्र राजन – कई फिल्मों में बने गांधी
एक्टर सुरेंद्र राजन ने कई फिल्मों में महात्मा गांधी का किरदार निभाया है. वह ‘द लीजेंड ऑफ भगत सिंह’ में गांधी के रोल में नजर आए थे. इसके अलावा उन्होंने ‘बोस: द फॉरगॉटन हीरो’में भी गांधी का किरदार निभाया. अलग-अलग फिल्मों में गांधी की भूमिका निभाने के कारण सुरेंद्र राजन का नाम इस किरदार से खास तौर पर जुड़ गया है और उनकी एक अलग छवी बन गई.
जेएस. कश्यप – ‘नाइन आवर्स टू रामा’ (1963)
जे. एस. कश्यप ने हॉलीवुड फिल्म ‘नाइन आवर्स टू रामा’ में महात्मा गांधी का किरदार निभाया था. यह फिल्म गांधी जी की हत्या से पहले के घटनाक्रम और नाथूराम गोडसे से जुड़ी कहानी पर आधारित थी. उस दौर में गांधी जी जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्व को हॉलीवुड फिल्म में पर्दे पर निभाना अपने आप में खास बात थी, जिसे कश्यप ने बखूबी निभाया था.
श्रीकांत – ‘महात्मा’ (2009)
श्रीकांत ने 2009 में आई फिल्म ‘महात्मा’ में गांधी जी का किरदार निभाया था. फिल्म का केंद्र गांधी जी का व्यक्तित्व और उनके विचार थे. श्रीकांत ने इस किरदार के जरिए गांधी के सादगीपूर्ण जीवन और उनके सिद्धांतों को पर्दे पर दिखाने की कोशिश की थी.
अनुपम खेर – ‘द बंगाल फाइल्स'( 2025)
अनुपम खेर भी गांधी जी का किरदार पर्दे पर निभा चुके हैं. एक्टर साल 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ में महात्मा गांधी की भूमिका में नजर आए. फिल्म में उन्होंने गांधी जी के व्यक्तित्व को अपने अभिनय के जरिए पर्दे पर प्रस्तुत करने की कोशिश की. अनुपम खेर के लुक ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था. एक्टर ने भी गांधी के हाव-भाव को बखूबी कॉपी किया और तारीफ बटोरी.

कहकशा परवीन
टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.
Read More