world-news

ग्रेटर नोएडा में पांच मौतों के मामले में आया नया मोड़, मोबाइल में मिले ऑडियो से मचा हड़कंप; मृतक की दो बहनों और बहनोई के खिलाफ FIR दर्ज

October 18, 2026

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में मोबाइल ऑडियो से नया मोड़ आया है. पुलिस ने प्रताड़ना के आरोप में मृतक की दो बहनों और बहनोई को हिरासत में लिया है.

Google Search

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में मोबाइल ऑडियो से नया मोड़ आया है. पुलिस ने प्रताड़ना के आरोप में मृतक की दो बहनों और बहनोई को हिरासत में लिया है.

author-image

New Update

Greater Noida Case

ग्रेटर नोएडा में 5 मौतों का रहस्य Photograph: (X)

Greater Noida News:ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) के रबूपुरा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है. पुलिस को मृतक महेश के मोबाइल फोन से एक कथित वॉइस नोट मिला है. इसमें महेश ने अपनी दो बहनों और एक बहनोई को परिवार की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है. इस ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस पारिवारिक विवाद और प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच कर रही है. मृतका ललिता के भाई की शिकायत पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

मोबाइल में मिले ऑडियो की जांच

पुलिस के मुताबिक, महेश के मोबाइल फोन से मिले कथित ऑडियो की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रिकॉर्डिंग कब बनाई गई थी और इसमें कही गई बातों की सच्चाई क्या है. फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया है. ऑडियो में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है.

दो बहनों और बहनोई पर प्रताड़ना का आरोप

मृतका ललिता के भाई आकाश ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है. शिकायत में महेश की दो बहनों सुनीता और सपना तथा एक बहनोई पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि पारिवारिक विवाद के साथ संपत्ति पर कब्जे को लेकर भी तनाव था. पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

मुआवजे की रकम और पुराने विवाद की जांच

पुलिस की जांच में परिवार के पुराने विवादों की जानकारी भी सामने आई है. बताया जा रहा है कि जमीन अधिग्रहण के बदले परिवार को मुआवजे की रकम मिली थी. इसके बंटवारे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था. वर्ष 2019 में महेश के बड़े भाई राहुल ने भी पारिवारिक कलह के बीच ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी. पुलिस अब पुराने मामले और मौजूदा घटना के बीच किसी संबंध की पड़ताल कर रही है.

मेला देखकर घर लौटा था परिवार

जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात परिवार मेला देखकर घर लौटा था. इसके बाद घर में मैगी और चाय का सेवन किया गया और सभी सोने चले गए. सुबह बच्चों को परीक्षा देने जाना था. उन्हें जगाने पहुंचे पड़ोस के एक बच्चे ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया. अंदर परिवार के पांचों सदस्य अचेत अवस्था में मिले. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

विसरा जांच से स्पष्ट होगी मौत की वजह

आपको बता दें कि पुलिस ने पांचों शवों का पोस्टमार्टम कराया है. शुरुआती जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका सामने आई है, लेकिन मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रखकर रासायनिक जांच के लिए भेजा है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी खाने-पीने की चीजों की जांच की है.

#WATCH Greater Noida, Uttar Pradesh: On the death of 5 members of the same family, Food Safety Officer O.P. Singh said, "... We examined the packets of all the things they had eaten. No expiry date was found on any of them. We did not find anything suspicious. If it had been a… https://t.co/gCz16YTqzXpic.twitter.com/rBv8EzLVyK

— ANI (@ANI) October 17, 2026

ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. मोबाइल में मिले ऑडियो की वैज्ञानिक जांच भी कराई जा रही है. पोस्टमार्टम, विसरा और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पांचों की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. उधर, देर रात पांचों शवों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया.

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, रात में खाया था नूडल्स; फूड पॉइजनिंग का शक