
साहिब सिंह और मंत्री प्रवेश वर्मा Image Credit source: TV9
दिल्ली के तिलक नगर में सड़क के निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने साहिब सिंह नाम के युवक को थप्पड़ मार दिया था. अब ये घटना तूल पकड़ती जा रही है. इस मामले में एक नई जानकारी सामने आई है. साहिब सिंह के खिलाफ एक एमसीडी कर्मचारी से मारपीट का मुकदमा पहले से दर्ज होने का दावा किया जा रहा है. इस मामले में उसके गिरफ्तारी हो चुकी थी और वो अभी जमानत पर है. बताया जाता है कि वो AAP विधायक जरनैल सिंह का सोशल मीडिया संभालता है.
पुलिस के मुताबिक, MCD कर्मचारी के साथ मारपीट की कथित घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई थी. इस पुराने मामले से जुड़ी FIR की एक कॉपी भी सामने आई है. पुलिस का कहना है कि साहेब सिंह, AAP विधायक जरनैल सिंह का सोशल मीडिया अकाउंट संभालता है. FIR के मुताबिक, शिकायतकर्ता धन बहादुर (36), जो दिल्ली के हरि नगर में बेरीवाला बाग के WZ-23 में रहते हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि वह MCD में एक अस्थायी कर्मचारी हैं. 2 जून, 2026 को उन्हें कचरा उठाने वाली गाड़ी पर हेल्पर के तौर पर ड्यूटी पर लगाया गया था. वह ड्राइवर मुकेश के साथ वार्ड नंबर 103 में कचरा उठाने गए थे.
सुबह करीब 11:00 बजे, जब गाड़ी WZ-148, कृष्णपुरी पहुंची, तो दूसरी मंजिल पर मौजूद एक लड़की नीचे खड़ी गाड़ी में कचरा डाल रही थी. उसी समय, एक बाइक आ रही थी. शिकायतकर्ता ने लड़की को बाइक की ओर इशारा करते हुए रुकने के लिए कहा. लेकिन लड़की ने दूसरी मंजिल से कचरा नीचे फेंक दिया. फिर गाड़ी आगे बढ़ गई.
MCD कर्मचारी को पीछा कर पीटा
शिकायत के अनुसार, उसी घर का एक लड़का अपने कुछ साथियों के साथ उनके पीछे आया और गाड़ी को जबरदस्ती रुकवाया. आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता को गाड़ी से बाहर खींचा, उसके साथ मारपीट की और उसे गलियां देते हुए दूर ले गए, जहां वह बेहोश हो गया. होश आने पर शिकायतकर्ता ने खुद को DDU अस्पताल में पाया.
शिकायत के बाद पुलिस का एक्शन
शिकायत मिलने के बाद, तिलक नगर पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर (SI) मंजीत सिंह के निर्देश पर हेड कॉन्स्टेबल (HC) रवि कांत को घटनास्थल पर भेजा गया. वहां पहुंचने पर पुलिस ने जांच की. शिकायतकर्ता के बयान और उपलब्ध मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर, तिलक नगर पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 215/2026 दर्ज की गई. यह FIR इस साल 2 जून को तिलक नगर पुलिस स्टेशन में साहिब सिंह और अन्य के खिलाफ दर्ज की गई थी. साहिब सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई.
साहिब सिंह ने शिकायत दर्ज कराई
इस बीच, चांद नगर के रहने वाले और सामाजिक कार्यकर्ता साहिब सिंह ने विकासपुरी पुलिस स्टेशन में दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और 12-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण का निरीक्षण करने और काम की गुणवत्ता की जांच करने के दौरान उनके साथ बुरा बर्ताव किया गया और उन्हें थप्पड़ मारा गया, धक्का दिया गया. साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई. उन्होंने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया और मंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग की.

जितेन्द्र कुमार शर्मा
साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।
Read More