world-news

दबंगों ने स्कूटी सवार पिता-पुत्री को टक्कर मारी: जमीन पर गिरे पिता को पीटा, गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर; FIR दर्ज - Lalitpur News

August 10, 2026

दबंगों ने स्कूटी सवार पिता-पुत्री को टक्कर मारी:जमीन पर गिरे पिता को पीटा, गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर; FIR दर्ज

कुंदन पाल | ललितपुर8 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

ललितपुर में स्कूल से घर लौट रहे शिक्षक और उनकी छह वर्षीय बेटी पर दबंगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि पिकअप सवार लोगों ने पहले उनकी स्कूटी में टक्कर मारी, जिससे शिक्षक और उनकी बेटी सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने शिक्षक की बेरहमी से पिटाई की और उन पर पत्थर भी पटक दिया। गंभीर हालत में शिक्षक को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि बेटी का इलाज ललितपुर जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले में छह नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना सोमवार 10 अगस्त की दोपहर करीब 2:50 बजे कोतवाली सदर क्षेत्र में कचनौंदा और खोखरा गांव के बीच गढाघाट पेट्रोल पंप के पास हुई। बताया गया कि ग्राम झरकौन निवासी 30 वर्षीय अभय लोधी पुत्र मगन ग्राम कचनौंदा कला स्थित स्कूल में शिक्षक हैं। सोमवार को वह अपनी कक्षा दो में पढ़ने वाली छह वर्षीय बेटी भाग्यश्री और साथी शिक्षक महिपाल के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे।

आरोप है कि इसी दौरान पिकअप सवार लोगों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अभय और उनकी बेटी सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने शिक्षक के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने शिक्षक पर पत्थर भी पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के दौरान राहगीरों को मौके पर आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल शिक्षक और उनकी बेटी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। शिक्षक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि बच्ची का इलाज ललितपुर में चल रहा है।

छह नामजद समेत अज्ञात पर केस

पुलिस के अनुसार, पिकअप में सवार तुलसी, चंदन, मोरसिंह और मनोहर पुत्रगण जोरावल, निवासी ग्राम झरकौन, कोतवाली सदर तथा राजेश और देवेंद्र पुत्रगण रामदास, निवासी ठाठखेड़ी, थाना सहराई, मध्य प्रदेश समेत अन्य लोगों पर हमले का आरोप है।

पीड़ित के साले की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार रात करीब नौ बजे आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुरानी रंजिश में हमला करने की बात

प्रारंभिक जानकारी में शिक्षक और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि हमले के आरोपी घायल शिक्षक के रिश्तेदार हैं। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और हमले के पीछे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सदर अनुराग अवस्थी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

.