
भारतीय टीम ने इंग्लैंड को ड्रॉ पर रोकाImage Credit source: Getty Images
नीदरलैंड और बेल्जियम में चल रहे FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत की पुरुष और महिला टीमों का दमदार प्रदर्शन जारी है. एक साथ चल रहे इन दोनों वर्ल्ड कप में भारतीय टीमों ने पहले राउंड में अच्छा खेल दिखाते हुए दूसरे राउंड में जगह बना ली है. पुरुष टीम के अगले राउंड में पहुंचने के एक दिन बाद भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी दूसरे राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है. इंग्लैंड के खिलाफ अपने आखिरी पूल मैच में भारतीय टीम ने जुझारू प्रदर्शन किया और अपने से ज्यादा मजबूत इंग्लैंड को 0-0 से ड्रॉ पर रोकते हुए उसे बाहर कर दिया.
इंग्लैंड के हर अटैक को किया पस्त
नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में गुरुवार 20 अगस्त को महिला वर्ल्ड कप के पूल डी के मुकाबले में दोनों टीमों की टक्कर हुई. भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में पहले ही सबसे मजबूत टीम चीन को 2-2 के ड्रॉ पर रोककर अच्छी शुरुआत की थी. फिर अपने अगले मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को एकतरफा अंदाज में 6-1 से हराते हुए अगले राउंड के लिए दावेदारी पेश की थी. मगर इंग्लैंड के खिलाफ उसका आखिरी मैच अहम था, जहां दोनों टीमों के पास अगले राउंड में पहुंचने का मौका था.
टीम इंडिया पहले ही 4 पॉइंट्स के साथ इंग्लैंड से आगे थी. ऐसे में उसे इस मैच में जीत नहीं तो कम से कम एक ड्रॉ की जरूरत थी. टीम इंडिया ने जीत के लिए कोशिश तो की लेकिन इसमें उसे सफलता नहीं मिली. मगर भारतीय टीम ने इंग्लैंड को भी सफल नहीं होने दिया. हालत ये रही कि भारतीय टीम को 6 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिसमें से एक को भी वो गोल में नहीं बदल सकी. मगर दूसरी ओर इंग्लैंड को कुल 12 पेनल्टी कॉर्नर मिले और भारतीय टीम ने उसे भी गोल नहीं करने दिया. कुल मिलाकर दोनों टीम का अटैक धारदार नहीं दिखा.
दूसरे नंबर पर रही टीम इंडिया
मगर इस नतीजे का फायदा टीम इंडिया को मिला, जिसने पूल डी में अपने सभी 3 मैच खेलकर कुल 5 पॉइंट हासिल किए और दूसरे स्थान पर रही. वहीं इंग्लैंड सिर्फ 4 पॉइंट ही बटोर सकी और सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई. इस पूल में चीन ने 7 पॉइंट के साथ पहला स्थान हासिल किया और भारत के साथ अगले राउंड में जगह बनाई. अब टीम इंडिया को अगले राउंड में 2 मैच खेलने हैं, जहां वो सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए दावा पेश करेगी.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More