Published: Thursday, September 3, 2026, 16:49 [IST]
Fact Check Sonia Gandhi Viral Photos: सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें तीन महिलाएं एक होटल के अंदर डांस करती दिखाई दे रही हैं। तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि बीच में नजर आ रही महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी हैं। पोस्ट के साथ आपत्तिजनक और भ्रामक टिप्पणियां भी की जा रही हैं।
हालांकि, तस्वीर की पड़ताल में सामने आया कि वायरल पोस्ट में किया जा रहा दावा गलत है। तस्वीर में नजर आ रही महिला सोनिया गांधी नहीं हैं। यह करीब छह दशक पुरानी तस्वीर है, जिसका सोनिया गांधी से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल तस्वीर की सच्चाई?
तस्वीर की रिवर्स इमेज सर्च के जरिए जांच करने पर इसका मूल स्रोत Getty Images पर मिला। वहां उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, तस्वीर नवंबर 1967 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित ऑबर्न के रॉसन होटल की है।
Getty Images के रिकॉर्ड में तस्वीर का कैप्शन गो-गो डांसर्स की प्रस्तुति से जुड़ा है। कैप्शन के अनुसार, 21 नवंबर 1967 को ऑबर्न के रॉसन होटल में गो-गो डांस करने वाली लड़कियों ने बीयर की कमी के बीच माहौल बनाने में मदद की थी। तस्वीर विक समनर ने खींची थी और यह फेयरफैक्स मीडिया के जरिए Getty Images पर उपलब्ध है। यानी वायरल तस्वीर किसी भारतीय राजनेता की नहीं, बल्कि 1967 में ऑस्ट्रेलिया के एक होटल में प्रदर्शन कर रहीं डांसर्स की है।
बीयर की कमी से जुड़ा था पूरा मामला
इस तस्वीर का संदर्भ उस समय ऑस्ट्रेलिया में चल रही बीयर की कमी से जुड़ा था। ऑस्ट्रेलिया की National Library of Australia (NLA) की वेबसाइट पर उपलब्ध पुराने अखबार की रिपोर्ट में बताया गया था कि करीब 1,400 शराब बनाने वाले कर्मचारियों की हड़ताल के बाद सिडनी के लगभग तीन-चौथाई होटलों में ड्राफ्ट बीयर की कमी हो गई थी। यह रिपोर्ट 15 नवंबर 1967 को प्रकाशित हुई थी। इसके कुछ दिन बाद, 21 नवंबर को रॉसन होटल में गो-गो डांसर्स की प्रस्तुति की यह तस्वीर ली गई थी।
तस्वीर की तुलना से भी खुली पोल
फैक्ट-चेक के दौरान वायरल तस्वीर में बीच में खड़ी महिला की तुलना सोनिया गांधी की उपलब्ध पुरानी तस्वीरों से भी की गई। चेहरे और अन्य शारीरिक विशेषताओं की तुलना करने पर स्पष्ट हुआ कि वायरल तस्वीर में दिखाई दे रही महिला सोनिया गांधी नहीं हैं। इसके अलावा तस्वीर का मूल रिकॉर्ड भी इसे 1967 में ऑस्ट्रेलिया के रॉसन होटल की घटना से जोड़ता है। यह तथ्य वायरल दावे को खारिज करने के लिए पर्याप्त है।

Fact Check
दावा
एक होटल के अंदर डांस करती कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी
नतीजा
दावे गलत हैं। वायरल तस्वीर किसी भारतीय राजनेता की नहीं, बल्कि 1967 में ऑस्ट्रेलिया के एक होटल में प्रदर्शन कर रहीं डांसर्स की है।
Rating
Misleading