world-news

Fact Check: यूपी के चित्रकूट में MLA की बेटी के साथ मारपीट के नाम पर पुराना और असंबंधित वीडियो वायरल

July 30, 2026

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। यूपी के चित्रकूट में सदर विधायक अनिल प्रधान की बेटी के साथ मारपीट के नाम पर वायरल वीडियो काफी पुराना है।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Jul 30, 2026 at 04:24 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर प्रश्न खड़ा करते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इसमें एक युवती के साथ कुछ लोगों को बदसलूकी और आपत्तिजनक हरकत करते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया के कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यूपी के चित्रकूट के विधायक अनिल प्रधान की बेटी के साथ यह हरकत हुई है। इस वीडियो में एक युवती को सफेद रंग की हूडी पहने हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर इस दावे को सच मानकर कुछ यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। विधायक अनिल प्रधान के कोई बच्चे नहीं हैं। वायरल वीडियो कई साल से इंटरनेट पर मौजूद है। चित्रकूट सदर विधायक और चित्रकूट पुलिस ने भी वायरल पोस्ट का खंडन किया है।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Kamlesh Yadav’ ने 29 जुलाई 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “चित्रकूट में विधायक अनिल प्रधान की बेटी से जुड़े कथित मारपीट के मामले ने आक्रोश पैदा कर दिया है। जिससे राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े हो गए है सोचिए जब उत्तर प्रदेश में विधायक की बेटी सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की बेटियां कैसे सुरक्षित होगी।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसके आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है। इसे सच मानकर कई यूजर्स सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले कीवर्ड सर्च किया। गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से सर्च करने पर हमें संबंधित दावे से जुड़ी कोई भी खबर नहीं मिली। यदि ऐसी कोई घटना हुई होती तो वह मीडिया में जरूर आती।

जांच के अगले चरण में हमने वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें सबसे पुराना वीडियो एक फेसबुक अकाउंट ‘Anaya Malhotra’ पर मिला। इसे 2 अप्रैल 2024 को अपलोड किया गया था। इस वीडियो में हमें वही युवती नजर आई, जो वायरल वीडियो में दिख रही है। इसके अलावा इस घटना का वीडियो कई पोर्न वेबसाइट पर भी मिला जिसे अलग-अलग तारीखों में अपलोड किया गया था।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए चित्रकूट पुलिस के एक्स हैंडल को स्कैन किया। वहां हमें 30 जुलाई 2026 की एक पोस्ट मिली। इसमें वायरल वीडियो का खंडन करते हुए बताया गया, ”सोशल मीडिया पर एक वीडियो जिसमें विधायक सदर अनिल प्रधान की बेटी के साथ मारपीट की घटना का होना दिखाया जा रहा है, जो कि पूर्णतःअसत्य एवं भ्रामक है।”

https://twitter.com/chitrakootpol/status/2082724752037425269

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए चित्रकूट सदर के विधायक अनिल प्रधान से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि उनके कोई बच्चा है ही । वायरल पोस्ट गलत है।

चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार सिंह ने भी वायरल पोस्ट को फेक बताते हुए इसका खंडन किया है। उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि किसी भी प्रकार की सूचना/वीडियो को साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। भ्रामक एवं असत्य जानकारी का प्रसारण कानूनन दंडनीय है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। पता चला कि ‘कमलेश यादव’ नाम का यह यूजर यूपी के आगरा में रहता है। एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े इस यूजर को फेसबुक पर 12 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 2019 में बनाया गया था।

क्या है संदर्भ

यूपी राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विपक्ष अक्सर सरकार पर आरोप लगाता रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चेतावनी दी है कि जो भी बेटियों की सुरक्षा में खलल डालेगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। यूपी के चित्रकूट में सदर विधायक अनिल प्रधान की बेटी के साथ मारपीट के नाम पर वायरल वीडियो काफी पुराना है। विश्वास न्यूज स्वतंत्र रूप से वायरल वीडियो के लोकेशन और उसमें दिखाई गई घटना की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन यह वीडियो कई सालों से इंटरनेट पर मौजूद है।

  • Claim Review : यूपी के चित्रकूट में विधायक की बेटी के साथ मारपीट।
  • Claimed By : FB User Kamlesh Yadav
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

Related Fact Check

  • Fact Check: CJP प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के दावे से वाराणसी का वीडियो वायरल
  • Fact Check: CJP प्रदर्शन में शामिल लड़कियों पर पुलिस की कार्रवाई के दावे से पुराना वीडियो वायरल
  • Fact Check: पीयूष गोयल ने ‘कॉकरोचों’ को लटकाने की बात नहीं कही, वीडियो AI निर्मित

टैग्स

  • Chitrakoot News
  • Chitrakoot Viral Video
  • MLA Daughter Viral Video
  • viral video

अपनी प्रतिक्रिया दें

Next Article