
डबलिन गार्जियंस की 5वीं हार. (फोटो- ETPL)
ETPL 2026: यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग 2026 में भारतीय दिग्गज राहुल द्रविड़ के मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजी डबलिन गार्जियंस का बुरा दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. टूर्नामेंट के 15वें मुकाबले में रविचंद्रन अश्विन की कप्तानी वाली डबलिन गार्जियंस को एम्सटर्डम फ्लेम्स के हाथों 9 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा. यह टूर्नामेंट में डबलिन की लगातार पांचवीं हार है. इस नई नाकामी के साथ डबलिन गार्जियंस पॉइंट्स टेबल में अभी भी सबसे नीचे बनी हुई है.
एम्सटर्डम फ्लेम्स ने बोर्ड पर लगाए 169 रन
एम्स्टर्डम फ्लेम्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए. इस दौरान स्टीवन स्मिथ ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए. वहीं, टिम डेविड ने 35 और कर्टिस कैम्फर ने 32 रन की अहम पारियां खेलीं. दूसरी ओर गार्डियंस की गेंदबाजी में जॉर्ज डॉकरेल और मैट हॉलर्ड ने दो-दो विकेट लिए. इसके अलावा रविचंद्रन अश्विन ने 4 ओवर गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 18 रन ही खर्च किए और 1 सफलता भी हासिल की.
24 साल का स्पिनर पड़ा भारी
जवाब में डबलिन गार्डियंस की शुरुआत अच्छी रही. जेम्स विंस ने 46 गेंदों में 73 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. लेकिन दूसरे छोर पर उन्हें ज्यादा साथ नहीं मिला. एक समय टीम ने 8 ओवर में सिर्फ 1 विकेट गंवाकर 80 रन बना लिए थे. लेकिन इसके बाद एम्सटर्डम फ्लेम्स की टीम ने दमदार वापसी की. 13वें ओवर में जेम्स विंस के आउट होते ही डबलिन गार्जियंस की पारी लड़खड़ा गई.
फिर 24 साल के स्पिनर टिम प्रिंगल ने अपनी गिरकी का जादू दिखाया. टिम प्रिंगल ने 4 ओवर में सिर्फ 22 रन दिए और 3 अहम विकेट चटकाए. वहीं, रिचर्ड ग्लीसन और आर्यन दत्त भी 2-2 सफलता अपने नाम करने में कामयाब रहे, जिसके चलते डबलिन गार्डियंस की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना सकी और 9 रनों से मैच हार गई. टिम प्रिंगल के अलावा कोई भी खिलाड़ी इस पारी में 25 रन का आंकड़ा नहीं छू सका.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More