world-news

DUSU Elections 2026: डूसू चुनाव से पहले DU में कड़ी सुरक्षा, 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल तैनात - Haribhoomi

September 17, 2026

DUSU Elections 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। दिल्ली विश्वविद्यालय और उसके आसपास के इलाकों में 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए जाएंगे।

DUSU Elections 2026

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव।

  • Published: 17 Sep 2026, 03:07 PM IST
  • Last Updated: 17 Sep 2026, 03:07 PM IST

DUSU Elections 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 18 सितंबर को होने वाले मतदान और 19 सितंबर को होने वाली मतगणना के मद्देनजर दिल्ली विश्वविद्यालय और उसके आसपास के इलाकों में 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए जाएंगे। चुनाव से पहले कई कॉलेजों में छात्रों के बीच झड़प और विवाद की घटनाएं सामने आने के बाद सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ मतदान और मतगणना के दौरान सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।  

मतदान केंद्रों के साथ कैंपस के आसपास भी रहेगी सुरक्षा

DU प्रशासन के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ मतदान केंद्रों तक सीमित नहीं रहेगी। विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में भी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। महिला कॉलेजों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक कॉलेज में एक शिक्षक को पुलिस के साथ समन्वय के लिए तैनात किया जाएगा, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

18 सितंबर को दो शिफ्ट में होगा मतदान

DUSU चुनाव के लिए प्रचार का आखिरी दिन 16 सितंबर था। वहीं, 17 सितंबर सुबह 8 बजे से मास्टर ट्रेनर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को संबंधित कॉलेजों तक पहुंचाएंगे।

18 सितंबर को मतदान दो शिफ्ट में होगा। डे-क्लास के छात्रों के लिए मतदान सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। वहीं, इवनिंग क्लास के छात्र दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक मतदान कर सकेंगे। 

मतदान समाप्त होने के बाद EVM को सील कर मल्टीपर्पस हॉल में जमा कराया जाएगा। इसके बाद 19 सितंबर को वोटों की गिनती की जाएगी।

अरबिंदो कॉलेज में शिक्षक से कथित अभद्रता का मामला

चुनाव प्रचार के दौरान अरबिंदो कॉलेज में कक्षा के अंदर एक शिक्षक के साथ कथित धक्का-मुक्की और अभद्रता का मामला भी सामने आया है। शिक्षक शिव मंगल के अनुसार, वह कक्षा में पढ़ा रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइट बंद हो गई और दरवाजे पर जोर से लात मारी गई, जिससे दरवाजा खुल गया।

शिक्षक ने मामले की सूचना पुलिस को दी है और कानूनी कार्रवाई की बात कही है। चुनाव से ठीक पहले सामने आई इस घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी है।