
दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन. (फोटो- PTI)
Duleep Trophy 2026: ईशान किशन की अगुआई वाली ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन को 3 ही दिनों में 4 विकेट से रौंदकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली. पहली पारी में दोनों टीमों के 266 रनों पर टाई होने के बाद मैच काफी रोमांचक मोड़ पर था, लेकिन दूसरी पारी में ईस्ट जोन के गेंदबाजों और बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन ने मैच को एकतरफा बना दिया.
पहली पारी में वैभव का जलवा
इस मुकाबले में सेंट्रल जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 266 रन बनाए. इसके जवाब में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ अंदाज में 81 गेंदों पर 92 रन ठोके, जिसके दम पर ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन के 266 रनों के बराबर स्कोर खड़ा किया. उनकी इस पारी में 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. वहीं, अभिमन्यु ईश्वरन ने 69 रनों की एक अहम पारी खेली. बाकी कोई भी बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा नहीं छू सका.
शमी और मुकेश की घातक गेंदबाजी
इसके बाद दूसरी पारी में मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार की जोड़ी ने कहर बरपाते हुए सेंट्रल जोन को सिर्फ 158 रनों पर ढेर कर दिया. मुकेश कुमार ने दूसरी पारी में 12 ओवर में 44 रन देकर 4 विकेट झटके. वहीं, मुकाबले में कुल 7 सफलताएं हासिल कीं. मोहम्मद शमी ने भी दूसरी पारी में 3 विकेट चटकाए. उन्होंने पहली पारी में भी 2 विकेट लिए थे. यानी दोनों पेसर्स ने मैच में मिलकर कुल 12 विकेट अपने नाम किए.
61 रनों की ओपनिंग के बाद संभले ईशान किशन
जीत के लिए मिले 159 रनों के टारगेट के सामने ईस्ट जोन को वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने 61 रनों की शानदार शुरुआत दिलाई. वैभव ने 43 गेंदों पर 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 40 रनों की अहम पारी खेली. लेकिन वैभव के आउट होने के बाद टीम थोड़ा लड़खड़ा गई और टीम ने जल्दी-जल्दी 5 विकेट गंवा दिए. इसके बाद कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और एक छोर थामे रखते हुए टीम को 4 विकेट से यादगार जीत दिलाकर फाइनल का टिकट पक्का कराया. इस दौरान ईशान किशन 43 रन बनाकर नाबाद रहे.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More