sports

DPL में फिक्सिंग के खुलासे पर DDCA का बयान, आरोपों को बताया बेबुनियाद

September 22, 2026

DPL में फिक्सिंग को लेकर तहलका SIT के किए खुलासे पर अब DDCA यानी दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. DDCA ने उन आरोपों को निराधार बताया है. DDCA ने कहा कि रिपोर्ट्स में बताए गए आरोपों की पुष्टि नहीं होती. तहलका SIT ने मैच-फिक्सिंग और सट्टेबाजी के मामले में एक स्टिंग ऑपरेशन ऑपरेशन किया था, जिसमें पूर्व रणजी प्लेयर रचित भाटिया ने गंभीर दावे किए थे. उस रिपोर्ट में DPL के तीसरे सीजन में खेले मैच नंबर 7 को लेकर बड़ा खुलासा किया गया था.

DPL में लगे आरोपों पर DDCA ने क्या कहा?

आइए सबसे पहले DDCA ने पूरी बात क्या कही, वो जानते हैं? DDCA ने कहा कि उसने DPL से जुड़े कुछ खिलाड़ियों और एक फ्रेंचाइजी से संबंधित कथित अनियमितताओं की हालिया रिपोर्ट्स पर ध्यान दिया है. DDCA ने कहा कि वो ये साफ करना चाहता है कि उन रिपोर्ट में लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं . सिर्फ ऐसे आरोपों के आधार पर किसी भी व्यक्ति, खिलाड़ी या फ्रैंचाइजी के बारे में निष्कर्ष निकालना अनुचित होगा.

DDCA ने अपने एक्स हैंडल पर दी सफाई में आगे लिखा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए, उसने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा है और अपनी जानकारी में आई जानकारी साझा की है. DDCA ने कहा कि हमने उनसे अनुरोध किया है कि इस मामले की जांच उचित स्थापित प्रक्रियाओं के माध्यम से की जाए. DDCA क्रिकेट की अखंडता से समझौता करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा और सक्षम अधिकारियों द्वारा की जाने वाली किसी भी जांच में अपना पूरा सहयोग देगा.

pic.twitter.com/rOc1jD15vA

— DDCA (@delhi_cricket) September 22, 2026

DDCA ने ये भी कहा कि आवश्यक हुआ तो कोई भी कार्रवाई केवल उपयुक्त अधिकारियों के निष्कर्षों और लागू नियमों एवं विनियमों के अनुसार ही की जाएगी. डीडीसीए का मानना है कि आरोपों और स्थापित तथ्यों के बीच अंतर करना महत्वपूर्ण है तथा उचित प्रक्रिया को अपना रास्ता अपनाने देना चाहिए. एसोसिएशन दिल्ली में क्रिकेट की अखंडता, विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.

DPL 2026 के मैच नंबर 7 में क्या हुआ था?

तहलका SIT की रिपोर्ट के मुताबिक फिक्सिंग का मामला DPL के तीसरे सीजन में खेले मैच नंबर 7 से जुड़ा है. ये मुकाबला सेंट्रल दिल्ली किंग्स और नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के बीच अरुण जेटली स्टेडियम पर खेला गया था. रिपोर्ट में दावा है कि एक पूर्व रणजी खिलाड़ी ने इस मैच के आधिकारिक टॉस से काफी पहले ही प्लेइंग-XI से जुड़ी जानकारी पैसे के बदले देने की पेशकश की. रिपोर्ट में बताया गया कि शुरुआत में इस जानकारी के लिए 40 लाख रुपये की मांग की गई थी, लेकिन फिर ये डील कथित तौर पर 3 लाख रुपये में हुई थी.

साकेत शर्मा

साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More

google button