world-news

Dhanbad News : दक्षता परीक्षा में धनबाद पुलिस अव्वल, ड्यूटी मीट में ओवरऑल चैंपियन

August 7, 2026

Dhanbad : धनबाद पुलिस केंद्र के सभागार में आयोजित तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट का शुक्रवार को समापन हो गया. प्रतियोगिता में धनबाद व बोकारो जिले के पुलिस पदाधिकारियों व जवानों ने तकनीकी और व्यावसायिक विषयों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया. ओवरऑल डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में धनबाद विजेता और बोकारो उपविजेता रहा. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.

Chaibasa News: दो महिला नक्सलियों के साथ 10 लाख का इनामी सालुका कायम ने किया सरेंडर
JPSC-JSSC आंदोलन :  अनशनरत छात्रों से मिलीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा, पारदर्शी भर्ती व पुनर्परीक्षा की मांग उठाई


समापन समारोह में बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उनके साथ एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, एडिशनल एसपी चास वेदांत शंकर समेत धनबाद और बोकारो के कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.


आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता, वैज्ञानिक अनुसंधान क्षमता और तकनीकी दक्षता को बढ़ाना है. बदलते अपराध के स्वरूप से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक व वैज्ञानिक अनुसंधान में दक्षता जरूरी है. उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं.


फोरेंसिक से लेकर साइबर व डॉग स्क्वायड तक हुईं प्रतियोगिताएं

तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में एफएसएल, मेडिको-लीगल, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, लॉ एंड कोर्ट जजमेंट, फिंगर प्रिंट, लिफ्टिंग-पैकिंग-फॉरवर्डिंग, ऑब्जर्वेशन, पुलिस पोर्ट्रेट, कंप्यूटर अवेयरनेस, फोटोग्राफी और डॉग स्क्वायड समेत कई विषयों पर लिखित, मौखिक और प्रायोगिक परीक्षाएं हुईं. ओवरऑल इंडिविजुअल चैंपियनशिप में शैलेन्द्र पासवान विजेता और मंजीत कुमार उपविजेता रहे. राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट के लिए कोयला क्षेत्र की टीम में मंजीत कुमार, शैलेन्द्र पासवान, सचिन रौशन, नील कमल लकड़ा, रंजन कुमार राम, असित कुमार सिंह, कांति विलास अविनाश समेत कुल 14 पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है. प्रतियोगिता के संचालन व मूल्यांकन के लिए रांची से CID, ATS व FSL की विशेषज्ञ टीम भी धनबाद पहुंची थीं.


आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने समापन समारोह में धनबाद पुलिस केंद्र के नवनिर्मित मुख्य प्रवेश द्वार का उद्घाटन भी किया. करीब 20 फीट ऊंचे और 37 फीट चौड़े इस आकर्षक द्वार को आधुनिक डिजाइन और अत्याधुनिक लाइटिंग से तैयार किया गया है. एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस ड्यूटी मीट की सफल के लिए सभी प्रतिभागियों, विशेषज्ञों, निर्णायकों व आयोजन समिति के सदस्यों का आभार जताया.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.