world-news

Delhi Tiranga Yatra: कर्तव्य पथ पर दिखा देशभक्ति का जोश, CM रेखा गुप्ता के साथ नितिन नबीन ने थामा तिरंगा

August 13, 2026

By Oneindia Staff

Time Published: Thursday, August 13, 2026, 18:03 [IST]

Delhi Tiranga Yatra: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली के कर्तव्य पथ पर को देशभक्ति का रंग देखने को मिला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तिरंगा यात्रा में शामिल हुईं। इंडिया गेट से कर्तव्य पथ तक निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और दूसरे लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। माहौल 'वंदे मातरम्' के नारों से गूंजता रहा।

Delhi Tiranga Yatra

कर्तव्य पथ पर तिरंगे के साथ उमड़ा हुजूम

तिरंगा यात्रा में हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया। सभी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर आगे बढ़ रहे थे। इंडिया गेट से कर्तव्य पथ तक पूरा रास्ता तिरंगों से सजा नजर आया। यात्रा में देशभक्ति के नारे भी लगाए गए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तिरंगे को लेकर कहा,

"तिरंगा हमारे लिए सिर्फ तीन रंगों वाला झंडा नहीं है। यह देश का गौरव, सम्मान और आत्मसम्मान है। इसमें उन वीरों के बलिदान की यादें भी जुड़ी हैं, जिन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।"

यात्रा का आयोजन ऐसे समय हुआ है, जब देश 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाने की तैयारी कर रहा है। इस बार आजादी के 79 साल पूरे होंगे और 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा।

रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से क्या अपील की?

तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के लोगों से 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और स्वतंत्रता दिवस को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रहने दें।

रेखा गुप्ता ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'हर घर तिरंगा' के जरिए राष्ट्रीय ध्वज को हर भारतीय के उत्सव और देशभक्ति की भावना से जोड़ा है। आइए, इस अभियान को दिल्ली की हर गली, हर मोहल्ले और हर घर तक पहुंचाएं।" उनकी अपील का फोकस साफ था। स्वतंत्रता दिवस का जश्न ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी के साथ मनाया जाए और तिरंगा हर घर तक पहुंचे।

कौन-कौन नेता हुए शामिल?

कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी मौजूद रहे। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा और रविंद्र इंद्राज भी यात्रा में शामिल हुए।

शिक्षा विभाग के अधिकारी और कई दूसरे गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में पहुंचे। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी ने यात्रा को और खास बना दिया। कर्तव्य पथ पर निकली इस यात्रा का संदेश सिर्फ तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं रहा। इसमें देश के लिए गर्व, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी से मनाने पर जोर दिया गया।