Delhi Robbery Case: दिल्ली के गांधी नगर में कपड़ा व्यापारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली में लूट के मामले में 4 गिरफ्तार।
- Published: 12 Sep 2026, 06:04 PM IST
- Last Updated: 12 Sep 2026, 06:04 PM IST
Delhi Robbery Case: दिल्ली के शाहदरा जिले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए गांधी नगर के एक कपड़ा व्यापारी से हुई 30 लाख रुपये से अधिक की लूट की वारदात का महज 8 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं, जो बाल कल्याण कानून के दायरे में आते हैं। हालांकि, इस वारदात में शामिल एक आरोपी अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
शाहदरा जिले के डीसीपी आर. पी. मीणा के मुताबिक, गांधी नगर का एक कपड़ा व्यापारी वारदात वाले दिन सुबह अपनी दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार चार बदमाशों ने उसकी स्कूटी को टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया।
इसके बाद बदमाश पैसों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि बैग में करीब 30 लाख रुपये की नकदी थी। शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में स्नैचिंग की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने के बाद इसे रॉबरी की धाराओं में तब्दील कर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसीपी गांधी नगर और एसएचओ कृष्णा नगर के नेतृत्व में थाना कृष्णा नगर की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से लेकर बदमाशों के संभावित भागने के रास्तों तक के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार जांच के बाद पुलिस ने करीब 7 से 8 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया।
पुराना कर्मचारी निकला साजिशकर्ता
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड दीपक है। वह करीब एक महीने पहले तक पीड़ित व्यापारी के यहां कर्मचारी के तौर पर काम करता था। नौकरी के दौरान उसे व्यापारी के पैसों की आवाजाही, समय और रूट की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। इसमें 19 लाख रुपये नकद और लूट की रकम से खरीदे गए नए मोबाइल फोन शामिल हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और स्कूटी भी बरामद कर ली गई है।
चोरी की स्कूटी से वारदात, लूट के बाद की पार्टी
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी चोरी की थी। आरोपियों ने इसे 5 तारीख को शाहदरा इलाके से चोरी किया था। लूट को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पार्टी भी की और करीब 80 से 90 हजार रुपये खर्च कर दिए।
डीसीपी आर. पी. मीणा ने बताया कि वारदात में कुल पांच आरोपी शामिल थे, जिनमें से चार को पुलिस ने पकड़ लिया है। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से एक उमंग के खिलाफ मार्च 2024 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला पहले से दर्ज है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ मामले की आगे की जांच कर रही है।