पार्टी का 15 सेकेंड का वीडियो वायरल, आर्टिस्ट चैंपियंस लीग के दौरान हुड़दंग पर अभिनेता योगी दहिया समेत कौन 3 लोग गिरफ्तार हुए, आइए जानते हैं।
देहरादून में शराब बोतल को खोलते योगेश दहिया उर्फ योगी। आर्टिस्ट चैंपियंस के उद्घाटन में एक्ट्रेस प्रांजल दहिया भी पहुंची थीं।
- Published: 12 Sep 2026, 06:04 PM IST
- Last Updated: 12 Sep 2026, 06:06 PM IST
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 'नशा मुक्त हरियाणा और खेलों को प्रोत्साहन' का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही 'आर्टिस्ट चैंपियंस लीग' (ACL) विवादों के घेरे में आ गई है। स्टेडियम परिसर में खुलेआम शराब पार्टी करने और बोतल खोलकर हुड़दंग मचाने के आरोप में स्थानीय रायपुर थाना पुलिस ने 3 हरियाणवी कलाकारों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपियों में सोनीपत के बड़खालसा गांव निवासी हरियाणवी अभिनेता योगेश दहिया उर्फ योगी (34 वर्ष), सोनीपत के राई निवासी सचिन (34 वर्ष) और हिसार के रहने वाले भूपेश कुमार (28 वर्ष) शामिल हैं। हालांकि, रायपुर थाना पुलिस ने पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करने के बाद तीनों को जमानत पर रिहा कर दिया।
15 सेकेंड का वीडियो वायरल होने पर खुली पोल
यह पूरा मामला 11 सितंबर को उस समय सामने आया जब सोशल मीडिया पर 15 सेकेंड का एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। इस वीडियो क्लिप में मुख्य रूप से हरियाणवी अभिनेता व मॉडल योगी दहिया अन्य साथियों के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथ में शराब की बोतल है, जिसे वे अपनी कोहनी से मारकर खोलते हैं और बोतल को हवा में लहराते हैं।
इसके बाद पीछे से 'वाह भाई वाह... के मारा है रै' जैसी आवाजें आती हैं और वे पास रखे ग्लास में शराब उड़ेलते हैं। मेज पर खाना, चखना और ग्लास रखे हुए थे, जबकि पृष्ठभूमि में स्टेडियम के अंदर अन्य खिलाड़ी भी नजर आ रहे थे। रायपुर पुलिस स्टेशन के एसएचओ संजीत ने वीडियो पर तुरंत संज्ञान लिया और तीनों युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
योगी दहिया की सफाई- पेशेवर क्रिकेटर नहीं, जीत का मना रहे थे जश्न
मामले पर सफाई देते हुए सोनीपत के बड़खालसा निवासी योगेश 'योगी' दहिया ने बताया कि वे पेशेवर क्रिकेटर नहीं हैं, बल्कि बॉडीबिल्डर और एक्टर हैं। वे 2015 से हरियाणवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और 100 से ज्यादा गानों में अभिनय कर चुके हैं। क्रिकेट केवल वे अपने शौक के लिए खेलते हैं।
योगी ने बताया कि 9 सितंबर को उनकी टीम 'जगन्नाथ लीजेंड' का मुकाबला 'मांगेराम लीजेंड' की टीम से हुआ था। मांगेराम लीजेंड की टीम ने 163 रन बनाए थे, जिसके जवाब में जगन्नाथ टीम ने लक्ष्य हासिल करते हुए 3 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। मैच जीतने के बाद टीम के खिलाड़ी आपस में जीत का जश्न मना रहे थे और इसी दौरान किसी ने उस निजी सेलिब्रेशन का वीडियो इंटरनेट पर पोस्ट कर दिया।
90 कलाकारों का जमावड़ा, कवियों के नाम पर बनी हैं टीमें
आर्टिस्ट चैंपियंस लीग (ACL) का आयोजन 9 से 13 सितंबर तक देहरादून के स्टेडियम में कराया जा रहा है। इसके आयोजक कलाकार पिंटू पाबड़ा और साहिल सेहरडा हैं। साहिल के अनुसार, इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य हरियाणा में खेल संस्कृति को बढ़ाना और युवाओं को नशा मुक्ति का संदेश देना था।
इस लीग में हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े करीब 90 कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। कलाकारों को 6 अलग-अलग टीमों में बांटा गया है, जिनके नाम हरियाणा के महान कवियों और कलाकारों के नाम पर रखे गए हैं। इनमें जाट मेहर सिंह लीजेंड, धनपत लीजेंड, बाजे भगत लीजेंड, मांगेराम लीजेंड, पंडित लख्मीचंद लीजेंड और जगन्नाथ लीजेंड शामिल हैं।
कई सितारे मैदान में उतरे
प्रतियोगिता में रोमी हुडा, एचडी कुंडू, अमित ढूल, जीत घनघस और आर मान जैसे कई सितारे मैदान में उतर रहे हैं। वहीं, लीग के भव्य शुभारंभ कार्यक्रम में प्रांजल दहिया, केडी देसी रॉक और खासा आला चाहर जैसी हस्तियां भी पहुंची थीं। हालाँकि, 'नशा मुक्ति' के नाम पर आयोजित इस लीग में शराब के खुलेआम प्रदर्शन से आयोजकों की भारी फजीहत हुई है। विवाद बढ़ता देख आर्टिस्ट चैंपियंस लीग के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज से पोस्टर जारी करके इस घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी गई है।