world-news

हवालात में DCM चालक की मौत, तीन निलंबित: डेढ़ क्विंटल गांजा बरामदगी के बाद हुई थी गिरफ्तारी, आज होगा पोस्टमार्टम - Deoria News

October 4, 2026

अनुग्रह नारायण शाही | देवरिया2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
मृतक के परिजन देवरिया पहुंच चुके हैं। पोस्टमार्टम के बाद वजह साफ होगी। - Dainik Bhaskar

मृतक के परिजन देवरिया पहुंच चुके हैं। पोस्टमार्टम के बाद वजह साफ होगी।

देवरिया के खुखुंदू थाने की हवालात में एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार डीसीएम चालक ब्रजपाल सिंह उर्फ विक्की (38) की मौत हो गई। घटना के बाद एसपी अभिजित आर. शंकर ने खुखुंदू के प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। तीनों पर लापरवाही का आरोप है। पुलिस अब मौत की वजह जानने के लिए जांच कर रही है।

अमरोहा निवासी ब्रजपाल को 2 अक्टूबर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उसके डीसीएम से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद हुआ था। उसे थाने लाकर पूछताछ के बाद हवालात में रखा गया था। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे उसकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली। पुलिसकर्मी उसे महार्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को एक डीसीएम देवरिया की ओर से खुखुंदू चौराहे पर पहुंचा था। पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन नूनखार मार्ग की ओर तेज गति से दौड़ा दिया। शक होने पर पुलिस ने पीछा किया और करीब 500 मीटर आगे घेराबंदी कर डीसीएम रोक लिया। पुलिस का दावा है कि चालक समेत वाहन में मौजूद लोग भागने लगे, जिसमें एक व्यक्ति पकड़ा गया। तलाशी में करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद हुआ।

ब्रान की आड़ में गांजा छिपाने की आशंका

पुलिस की जांच के मुताबिक, डीसीएम में असम के बरपेटा जिले से ब्रान लादा गया था। इसके लिए करीब 28 हजार रुपये दिए गए थे। पुलिस को आशंका है कि इसी ब्रान की आड़ में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत केस दर्ज कर ब्रजपाल को गिरफ्तार किया गया था।

गांजा मिलने के मामले में पुलिस डीसीएम चालक को थाने लाई थी जहां तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई थी।

गांजा मिलने के मामले में पुलिस डीसीएम चालक को थाने लाई थी जहां तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई थी।

सुबह बिगड़ी हालत, मेडिकल कॉलेज में मौत

ब्रजपाल को खुखुंदू थाने की हवालात में रखा गया था। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे उसकी तबीयत खराब होने की जानकारी मिली। पुलिस उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा नवनीत ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।

इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

एसपी ने प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह, आरक्षी-मुहर्रिर गुल्लुर प्रसाद और रिक्रूट आरक्षी अंगद यादव को निलंबित किया है। पुलिस के अनुसार, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराया जाएगा और पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम होगा। मृतक के परिजन देवरिया पहुंच चुके हैं। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।

.