world-news

बंदी सिखों की रिहाई के लिए सड़कों पर उतरी संगत: कुरुक्षेत्र DC ऑफिस पर जपा सतनाम वाहेगुरु, राष्ट्रपति के नाम दिया ज्ञापन, कल फतेहगढ़ में मार्च - Kurukshetra News

October 1, 2026

कुरुक्षेत्र में DC ऑफिस के पास बंदी सिखों की रिहाई के लिए धरना देती संगत। इस दौरान संगत सतनाम वाहेगुरु का जाप करती रही।

पंजाब के बाद हरियाणा में बंदी सिखों की रिहाई की मांग जोर पकड़ रही है। आज वीरवार को कुरुक्षेत्र में बंदी सिखों की रिहाई के लिए सिख संगत ने उपायुक्त (DC) कार्यालय पर धरना दिया। यह धरना शांतिपूर्ण रहा। इस दौरान संगत सतनाम वाहेगुरु का जाप करती रही।

.

प्रदर्शन के बाद सिख समाज की ओर से CTM आशीष कुमार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया गया। इससे पहले सिख संगत गुरुद्वारा पातशाही छठी कुरुक्षेत्र में एकत्रित हुई। यहां से बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर रोष मार्च निकाला गया।

संगत गुरुद्वारे से DC ऑफिस तक रोष प्रदर्शन करते हुए पहुंची। कुरुक्षेत्र में 11 सितंबर से मीरी-पीरी चौक पर सांकेतिक रूप से मोर्चा चल रहा था। कल शुक्रवार को संगत पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में एकत्रित होगी।

रोष मार्च निकालती सिख संगत।

रोष मार्च निकालती सिख संगत।

सजा पूरी कर चुके सिख बंदी- मेजर सिंह

HSGMC के गुहला-चीका से मेंबर मेजर सिंह ने कहा कि देश की अलग-अलग जेलों में कई बंदी सिख अपनी सजा पूरी कर चुके हैं। लेकिन उनको रिहा नहीं किया जा रहा है। वे करीब 30-30 साल से जेलों में बंद हैं। उन लोगों के भी परिवार हैं। परिवार लगातार उनके आने का इंतजार कर रहा है।

आरोप लगाया कि संविधान के अनुसार सजा पूरी होने के बाद उनकी रिहाई होनी चाहिए थी। लेकिन उनको रिहाई नहीं दी गई। यहां तक कि सजा के दौरान उनको पैरोल तक नहीं मिली, जबकि हर दोषी को कुछ समय के लिए पैरोल मिलती है। इन सिख बंदियों की उम्र भी काफी ज्यादा हो चुकी है। इन हालात में उनसे देश को कोई खतरा नहीं है।

प्रवक्ता बोले- हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी भी कल फतेहगढ़ साहिबत में हाजिरी लगाएगी।

प्रवक्ता बोले- हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी भी कल फतेहगढ़ साहिबत में हाजिरी लगाएगी।

रिहाई तो दूर परोल तक नहीं मिली- हरकीरत सिंह

कमेटी के प्रवक्ता हरकीरत सिंह ने बताया कि पंजाब में कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से सिख बंदियों की रिहाई के लिए प्रदर्शन जारी है। पंजाब के पूर्व सीएम बेअंत सिंह हत्याकांड के दोषी जगतार सिंह हवारा की माता काफी बीमार हैं। सरकार उनको पैरोल तक नहीं दे रही है, जबकि डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम को बार-बार पैरोल मिल रही है।

डेरा मुखी रेप के मामले में दोषी है और उस पर कत्ल के केस भी हैं। फिर भी उनको बार-बार परोल मिल रही है, लेकिन बंदी सिखों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जा रही है। PM मोदी बंदी सिखों की रिहाई की बात कह चुके हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी को इस मामले को लेकर केंद्र सरकार से बातचीत करनी चाहिए।

कल फतेहगढ़ साहिब से निकाला जाएगा मोर्चा

कल 2 अक्टूबर को ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब से रोष मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च रात को गुरुद्वारा श्री मस्तुआना साहिब पहुंचेगा, जहां संगत के ठहरने की व्यवस्था रहेगी। इसके अगले दिन रोष मार्च तख्त श्री दमदमा साहिब पहुंचेगा और यहीं मार्च का समापन किया जाएगा। उसके बाद अगला कोई फैसला लिया जाएगा।