world-news

मंत्री जी देते रहे CPR लेकिन नहीं बची जान; तेलंगाना में IAS नवीन मित्तल के PS की हार्ट अटैक से मौत

September 8, 2026

Sep 08, 2026 03:32 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

तेलंगाना विधानसभा परिसर में मंगलवार को एक दुखद घटना हुई। ऊर्जा विभाग के विशेष मुख्य सचिव नवीन मित्तल के पर्सनल सेक्रेटरी राजू को अचानक दिल का दौरा पड़ा और वे फर्श पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पशुपालन मंत्री वाकिति श्रीहरि ने तुरंत सीपीआर शुरू किया, इसके बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका...

तेलंगाना विधानसभा परिसर में मंगलवार को एक अत्यंत दुखद घटना घटी। ऊर्जा विभाग के विशेष मुख्य सचिव नवीन मित्तल के पर्सनल सेक्रेटरी ( PS) राजू अचानक बेहोश होकर फर्श पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पशुपालन मंत्री वाकिति श्रीहरि ने तुरंत आगे बढ़कर उन्हें सीपीआर देना शुरू किया। मेडिकल स्टाफ को बुलाया गया और राजू को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें गंभीर कार्डियक अरेस्ट हुआ था, जिस कारण उनकी मौत हो गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि राजू हॉल के फर्श पर लेटे हुए हैं। सफेद कुर्ते में मंत्री वाकिति श्रीहरि घुटनों के बल बैठे हुए है और उनके सीने पर लगातार दबाव डाल रहे हैं यानी सीपीआर दे रहे हैं। इनसे आसपास भी कई लोग खड़े दिखाई दे रहे है। कुछ राजू का सिर और हाथ संभाल रहे हैं, तो कुछ मेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस बुलाने की बात कर रहे हैं।

बताया जाता है कि थोड़ी देर बाद डॉक्टर और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने भी मदद की। इसके बाद राजू को एंबुलेंस में बिठाकर अस्पताल ले जाया गया। बताया जाता है कि अस्पताल पहुंचने तक स्थिति बहुत गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट के कारण हृदय की धड़कन रुक गई थी। सीपीआर और प्राथमिक चिकित्सा के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

वही वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने मंत्री वाकिति श्रीहरि की सराहना की है। उन्होंने बिना देरी किए प्राथमिक चिकित्सा शुरू की। कई लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में मंत्री का तुरंत मैदान में उतरना सराहनीय है। हालांकि प्रयास के बावजूद राजू की जान नहीं बचाई जा सकी।

प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में शोक

राजू की अचानक मौत की खबर से विधानसभा परिसर, सचिवालय और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि राजू लंबे समय से सचिवालय सेवा से जुड़े रहे और वरिष्ठ अधिकारी के दैनिक प्रशासनिक कामकाज में सहयोग करते थे। उनकी मृत्यु से सहकर्मी हैरान हैं।

क्या होता है सीपीआर?

सीपीआर यानी कार्डियोपल्मनरी रिससिटेशन एक आपात और जान बचाने वाली प्रक्रिया है। इसका इस्तेमाल तब किया जाता है जब किसी व्यक्ति की धड़कन और सांसें रुक जाती हैं। इसे कार्डियक अरेस्ट कहते हैं। ऐसे में दिल खुद खून नहीं पंप कर पाता। सीपीआर के जरिए हाथों से सीने पर लगातार दबाव डालकर दिमाग और शरीर के जरूरी अंगों तक खून और ऑक्सीजन पहुंचाई जाती है। यह प्रक्रिया दिल के दोबारा काम करने या डॉक्टरों द्वारा बेहतर इलाज शुरू होने तक की जाती है।

डॉक्टर के अनुसार, सीपीआर दो मुख्य हिस्सों वाला होता है। पहला, छाती पर दबाव यानी चेस्ट कंप्रेशन। दूसरा, जरूरत पड़ने पर कृत्रिम श्वसन। आम लोगों के लिए अक्सर केवल हाथों से किया जाने वाला सीपीआर सिखाया जाता है। इसमें पीड़ित को सपाट सतह पर लिटाकर छाती के बीच में दोनों हाथ रखकर तेज और नियमित दबाव दिया जाता है। सही तरीके से किया गया सीपीआर कार्डियक अरेस्ट के शुरुआती मिनटों में जान बचाने में मदद कर सकता है।