world-news

CM-राइज स्कूल की छत से पानी टपकता देख भड़के विधायक: SDO से बोले-2 दिन में काम पूरा नहीं हुआ तो सस्पेंड करवा दूंगा; VIDEO - Sidhi News

September 3, 2026

मझौली के सीएम राइज स्कूल में निर्माण कार्य की धीमी गति और बारिश के दौरान छत से पानी टपकने की समस्या देखकर धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम नाराज हो गए। बुधवार शाम सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस द

.

विधायक ने बच्चों को बारिश के बीच इस परेशानी में पढ़ते देखा तो मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार को फटकार लगाई। जिसका एक वीडियो आज गुरूवार को सामने आया है।

तीन सेट के भवन में पढ़ रहे थे बच्चे

निरीक्षण के दौरान विधायक ने देखा कि स्कूल के तीन सेट वाले भवन में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे, जबकि इन्हीं भवनों की छत से बारिश का पानी नीचे टपक रहा था। बच्चों को हो रही परेशानी पर विधायक ने नाराजगी जताई।

उन्होंने मौके पर मौजूद ठेकेदार शंकर सिंह परिहार से निर्माण कार्य की जानकारी ली और काम अब तक पूरा नहीं होने पर आपत्ति जताई।

छात्रों ने विधायक से स्कूल में सुधार की गुहार लगाई।

छात्रों ने विधायक से स्कूल में सुधार की गुहार लगाई।

SDO को फोन कर 5 सितंबर की डेडलाइन दी

विधायक ने मौके से ही PIU विभाग के SDO एपी सिंह को फोन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए स्कूल का काम हर हाल में 5 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।

विधायक ने सख्त लहजे में कहा, “अगर 5 तारीख तक काम पूरा नहीं हुआ तो सस्पेंड करवा दूंगा।” उन्होंने अधिकारी को चेतावनी दी कि तय समय सीमा में काम पूरा नहीं होने पर पूरी जवाबदेही तय की जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

विधायक ने फोन कर अधिकारियों को फटकार लगाई।

विधायक ने फोन कर अधिकारियों को फटकार लगाई।

दूर-दराज से पढ़ने आते हैं बच्चे

विधायक ने कहा कि सीएम राइज स्कूल में बच्चे दूर-दराज के इलाकों से पढ़ने के लिए आते हैं। ऐसे में स्कूल भवन की छत से पानी टपकना गंभीर समस्या है। बच्चों को सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध कराना संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी है।

शिकायत के बाद सांसद-विधायक पहुंचे थे स्कूल

स्कूल के प्राचार्य और अन्य कर्मचारियों ने फोन पर भवन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी थी। इसके बाद सीधी सांसद और धौहनी विधायक वास्तविक स्थिति देखने के लिए मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्कूल की स्थिति देखकर दोनों ने नाराजगी जताई।

विधायक ने ठेकेदार और अधिकारियों को अधूरे निर्माण कार्य को तत्काल पूरा करने और बच्चों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।

फटकार का वीडियो सामने आया

औचक निरीक्षण के दौरान विधायक द्वारा ठेकेदार और PIU अधिकारी को फटकार लगाए जाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक निर्माण कार्य में देरी को लेकर जिम्मेदारों से जवाब लेते और समय सीमा में काम पूरा करने की चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।