रायपुर : छत्तीसगढ़ में बरसात के बाद सड़क और पुल निर्माण के कामों को तेजी से शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। राज्य शासन ने प्रदेश में सड़क और पुल अधोसंरचना से जुड़े 24 महत्वपूर्ण कार्यों के लिए 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए की निविदाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में नई सड़कों और पुलों के निर्माण के साथ सड़कों के उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं।
लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को जल्द कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग का लक्ष्य है कि बरसात समाप्त होते ही निर्माण कार्यों को गति दी जाए और निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए।
डेब्यू मैच में पाकिस्तानी गेंदबाज की जमकर धुनाई, अभिषेक-वैभव ने कूटा, नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
CM साय ने गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मजबूत सड़क और पुल अधोसंरचना राज्य सरकार की प्रमुख विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कें गांवों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से आवागमन बेहतर होगा और व्यापार, पर्यटन तथा स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार सड़क और पुल अधोसंरचना के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को बरसात के बाद निर्माण कार्यों को तत्काल गति देने और सभी परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
24 परियोजनाओं में शामिल हैं ये कार्य
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, स्वीकृत 24 कार्यों में:
- 7 नई सड़कों का निर्माण
- 2 पुल एवं पहुंच मार्गों का निर्माण
- 3 सड़क उन्नयन कार्य
- 12 सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य शामिल हैं।
दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव में नई सड़कें
दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क के लिए 28 करोड़ 2 लाख 70 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत की गई है।
धमतरी जिले के आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में पुल-पुलियों सहित 8 किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46 करोड़ 22 लाख 8 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत हुई है।
इसके अलावा बिलासपुर में 17.61 किलोमीटर झाल-नगपुरा मार्ग, महासमुंद में 6.50 किलोमीटर सल्डीह-बहादुरपुर मार्ग, बलरामपुर-रामानुजगंज में 7.60 किलोमीटर सिविलदाग-नीलकंठपुर सड़क और रायगढ़ में 3.40 किलोमीटर उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के निर्माण को भी मंजूरी मिली है।
अरपा और खारून नदी पर बनेंगे उच्च स्तरीय पुल
बिलासपुर जिले में लोधीपारा (सरकंडा)-कोनी मार्ग पर अरपा नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के लिए 17 करोड़ 63 लाख 32 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।
इसी तरह चोरहादेवरी-परसदा मार्ग पर खारून नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 7 करोड़ 68 लाख 16 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इन पुलों के बनने से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन और स्थानीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
करीब 79 करोड़ से तीन सड़कों का उन्नयन
सड़क उन्नयन के तीन कार्यों के लिए कुल 78 करोड़ 96 लाख 74 हजार रुपए की निविदाओं को मंजूरी दी गई है।
इसमें बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का 18 किलोमीटर परसवार-चलगली मार्ग, रायपुर में अभनपुर के पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के 2.60 किलोमीटर हिस्से का फोरलेन उन्नयन और रायगढ़ में 12.30 किलोमीटर कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ सड़क का उन्नयन शामिल है।
धमतरी में कई प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण
धमतरी जिले में मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया एनएच-30 मार्ग के 3.75 किलोमीटर हिस्से, पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से, छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर के 9 किलोमीटर मार्ग और अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा के 10 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण को मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए भी 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
रायगढ़ में फोरलेन के साथ विद्युतीकरण
रायगढ़ जिले में रायगढ़-लोइंग-महापल्ली मुख्य जिला मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण एवं विद्युतीकरण के लिए 59 करोड़ 49 लाख 4 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
वहीं रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण और विद्युतीकरण के लिए 47 करोड़ 77 लाख 76 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत हुई है।
कांकेर से सरगुजा तक सड़क नेटवर्क होगा मजबूत
कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर राज्यीय राजमार्ग में पुल-पुलियों सहित 36.80 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 85 करोड़ 83 लाख 4 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
बेमेतरा में देवकर-साजा-खम्हरिया मार्ग के 30.80 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण, दुर्ग में भिलाई-सिरसा-औरी-मोतीपुर मार्ग के 15.50 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, सरगुजा में 28 किलोमीटर सोनतराई-मैनपाट मार्ग के मजबूतीकरण एवं सौंदर्यीकरण तथा महासमुंद में बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग के 25.90 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।
3 October 2026 Rashifal: कुछ राशियों को मिलेगा लाभ, तो कुछ को सेहत को लेकर रहना होगा सावधान; मेष से मीन तक जानें सभी 12 राशियों का दिन कैसा रहेगा
निर्माण की गुणवत्ता पर रहेगी निगरानी
लोक निर्माण विभाग ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को विभागीय मापदंडों के अनुसार कार्यों का पर्यवेक्षण और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत कार्यों को किसी अन्य एजेंसी को सबलेट नहीं किया जा सकेगा और कार्य के लिए पॉवर ऑफ अटॉर्नी भी मान्य नहीं होगी।
अधिकारियों को अनुबंधित समय-सीमा में सभी कार्य पूरे कराने तथा प्रशासकीय स्वीकृति और उपलब्ध बजट की सीमा के भीतर अनुबंध के अनुसार निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।