world-news

CM सम्राट चौधरी आज गोपालगंज पहुंचेंगे: थावे भवानी मंदिर में करेंगे पूजा, चनावे में मेडिकल कॉलेज की जमीन देखेंगे, सुरक्षा में 300 से ज्यादा जवान - Gopalganj News

August 12, 2026

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर गोपालगंज पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे प्रसिद्ध थावे भवानी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और चनावे में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के स्थल का निरीक्षण करेंगे।

.

इसके बाद वे मानिकपुर स्थित वरिष्ठ अधिवक्ता वाई.वी. गिरी के आवास पर जाकर उनकी माता के श्राद्ध कर्म में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सम्राट चौधरी दोपहर 1:50 बजे पटना से हेलीकॉप्टर के जरिए गोपालगंज के लिए रवाना होंगे।

करीब 2:30 बजे उनका हेलीकॉप्टर थावे स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वे थावे भवानी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर में पूजा के बाद वे चनावे के लिए रवाना होंगे।

मेडिकल कॉलेज के प्रस्तावित स्थल का करेंगे निरीक्षण दोपहर करीब 3 बजे मुख्यमंत्री चनावे में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के निर्माण स्थल का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे परियोजना से जुड़ी तैयारियों और स्थल की स्थिति का जायजा लेंगे। अधिकारियों से परियोजना से संबंधित जानकारी लेने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाने की बात कही गई है।

गोपालगंज में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना माना जा रहा है। इसके निर्माण से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

वाई.वी. गिरी के आवास पर जाएंगे

मेडिकल कॉलेज स्थल के निरीक्षण के बाद दोपहर करीब 3:25 बजे सम्राट चौधरी मानिकपुर पहुंचेंगे। यहां वे वरिष्ठ अधिवक्ता वाई.वी. गिरी के आवास पर जाकर उनकी माता के श्राद्ध कर्म में शामिल होंगे।

इसके बाद करीब 3:40 बजे वे हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना होंगे। शाम 5 बजे पटना में होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक में उनके शामिल होने का कार्यक्रम है।

300 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। 300 से अधिक पुलिसकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। थावे मंदिर, चनावे, मानिकपुर और काफिले के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।

सुरक्षा व्यवस्था को तीन स्तरों में बांटा गया है। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। वहीं, हेलिपैड से कार्यक्रम स्थल तक के मार्ग पर बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की गई है।

रूट पर भी रहेगी विशेष निगरानी

मुख्यमंत्री के काफिले के आवागमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर पुलिस अधिकारियों की तैनाती के साथ रूट की लगातार निगरानी की जाएगी।

एसपी विनय तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर वापसी तक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।