रायपुर के ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में शहीद की पत्नी ने CM साय को राखी बांधी। 800 जवानों को बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा, 68 लाख महिलाओं को 631 करोड़ मिलेंगे।
CM विष्णु देव साय को शहीद परिवारों ने बांधी राखी बांधी
- Published: 25 Aug 2026, 04:16 PM IST
- Last Updated: 25 Aug 2026, 04:31 PM IST
रायपुर। रक्षाबंधन से पहले राजधानी रायपुर में भाई-बहन के स्नेह और राष्ट्ररक्षा के संकल्प का भावुक संगम देखने को मिला। बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं, दिव्यांग बेटियों और महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने केंद्रीय सुरक्षा बलों, सेना और पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाइयों पर राखी बांधी।
कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया, जब वर्ष 2017 में रक्षाबंधन से एक दिन पहले नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान मुख्यमंत्री भावुक हो गए और उन्होंने शहीद जवान के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के साथ हमेशा खड़े रहने का संकल्प दोहराया।

शहीदों के परिवार हमारे अपने परिवार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राखी का यह धागा केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं है, बल्कि शहीद परिवारों के विश्वास और अपनत्व से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि वीर जवानों का बलिदान और उनके परिवारों का त्याग छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवार उनके अपने परिवार हैं और उनके सम्मान, स्वाभिमान तथा हर सुख-दुख में सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी।
नक्सलवाद के अंत को बताया बहनों के लिए सबसे बड़ा उपहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों ने साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए अनेक बलिदान दिए हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के अंत की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़ बहनों के लिए सुरक्षा और विश्वास का सबसे बड़ा उपहार है। सीएम श्री साय ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब नक्सली हिंसा के कारण किसी बहन का सुहाग नहीं उजड़ेगा और किसी मां को अपने बेटे को खोने का दर्द नहीं सहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बस्तर की पहचान अब हिंसा के बजाय शांति, विकास, जनजातीय संस्कृति, पर्यटन और नई संभावनाओं से होगी।

जवानों की कलाइयों पर सजी राखियां
‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में CISF, BSF, ITBP, CRPF, सेना और पुलिस के करीब 800 जवान शामिल हुए। स्कूली छात्राओं, दिव्यांग बेटियों, स्वच्छता दीदियों, ड्रोन दीदियों, लखपति दीदियों और महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने जवानों को राखी बांधकर देश और समाज की सुरक्षा में उनके योगदान के लिए आभार जताया। इस मौके पर सुरक्षा बलों के जवानों ने भी बहनों की रक्षा, सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जवानों के शौर्य और समर्पण को नमन किया।
68 लाख बहनों के खातों में 631 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री साय ने महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 2 लाख 42 हजार से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों से करीब 30 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। वहीं प्रदेश की 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में करीब 68 लाख बहनों के बैंक खातों में 631 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें अपने फैसले लेने के लिए आत्मनिर्भर बनाना है।
रायपुर को मिले पांच नए अभिनव प्रोजेक्ट
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के पांच अभिनव प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया। इनमें ‘हरित पोषणम्’, ‘प्रोजेक्ट निरामय’, ‘तिरंगा शक्ति फेस्ट’, ‘प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः’ और ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ शामिल हैं। हरित पोषणम् के तहत आंगनबाड़ियों और महिला समूहों को फलदार पौधे और सब्जियों के उन्नत बीज देकर पोषण वाटिकाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रोजेक्ट निरामय के तहत रायपुर जिले के 215 उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के 65,920 छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य और रक्त जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर विद्यार्थियों को निःशुल्क उपचार भी उपलब्ध कराया जाएगा। तिरंगा शक्ति फेस्ट के जरिए हर महीने सामाजिक समरसता, संस्कृति, सुशासन, युवा नेतृत्व और राष्ट्रभावना से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सौंरा समुदाय के परिवारों को जोड़ने के लिए चलाया जाएगा विशेष अभियान
वहीं रायपुर अनफिल्टर्ड के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठित हस्तियों, कलाकारों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों की जीवन यात्रा और विचारों को पॉडकास्ट के जरिए सामने लाया जाएगा। इसके अलावा प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः के तहत सौंरा (सपेरा) समुदाय के परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके जरिए आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, जॉब कार्ड सहित जरूरी दस्तावेज और योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रीय भूमिका
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के साथ वीर जवानों के प्रति सम्मान बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल वर्दीधारी जवानों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार साहू, छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कांवड़िया, महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित जनप्रतिनिधि, सुरक्षा बलों के अधिकारी-जवान, स्कूली विद्यार्थी, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)