world-news

बरेली के स्टूडेंट्स को जंतर-मंतर जाते समय पीटा, VIDEO: युवक बोला- हिंदू होकर CJP के प्रदर्शन में जा रहे थे, कॉकरोचों का इलाज किया - Bareilly News

July 26, 2026

सत्यम पंडित ने जंतर-मंतर जा रहे छात्रों को रोका। उनके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की।

बरेली के बीएससी के छात्र और उसके दोस्त के साथ दिल्ली में कुछ लोगों ने मारपीट की। दोनों 25 जुलाई की सुबह CJP के प्रदर्शन में शामिल होने जंतर-मंतर जा रहे थे। इस घटना का वीडियो रविवार को सामने आया।

.

छात्र ने बताया कि 25 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे वह अपने दोस्त के साथ दिल्ली के बांग्ला साहिब गुरुद्वारे से जंतर-मंतर जा रहा था। तभी सत्यम पंडित और उसके साथियों ने हमें रोक लिया। पहले हमारा नाम और धर्म पूछा।

इसके बाद गाली-गलौज करने लगे। सत्यम ने मेरे दोस्त का गला पकड़ लिया और थप्पड़ मारने लगा। कहने लगा कि हिंदू होकर CJP को सपोर्ट करते हो। फिर धमकाया और कैमरे के सामने माफी मंगवाई। इसका वीडियो उसने फेसबुक पर पोस्ट भी किया। कैप्शन में लिखा- कॉकरोच का इलाज किया। सत्यम गाजियाबाद का रहने वाला है और खुद को हिंदूवादी नेता बताता है।

घटना की 2 तस्वीरें देखिए…

सत्यम पंडित ने पहले छात्रों को रोककर उनका नाम और पता पूछा। फिर गाली-गलौज और मारपीट की।

सत्यम पंडित ने पहले छात्रों को रोककर उनका नाम और पता पूछा। फिर गाली-गलौज और मारपीट की।

सत्यम पंडित ने गालियां देते हुए छात्र को थप्पड़ मारे और इसका वीडियो बनवाया।

सत्यम पंडित ने गालियां देते हुए छात्र को थप्पड़ मारे और इसका वीडियो बनवाया।

अब पढ़िए पूरा मामला…

रास्ते में रोककर नाम-धर्म पूछा, फिर पीटा

बरेली के फरीदपुर के महादेव मोहल्ला में रहने वाला बीएससी छात्र आयुष रंजन अपने दोस्त राहुल के साथ 23 जुलाई को दिल्ली में सीजेपी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होने गया था। आयुष ने बताया- मैं अपने दोस्त के साथ दिल्ली के बांग्ला साहिब गुरुद्वारे में रुका था। 25 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे हम गुरुद्वारे से निकलकर जंतर-मंतर जा रहे थे।

करीब 200 मीटर आगे पहुंचे थे, तभी सत्यम पंडित गाड़ी से अपने साथियों के साथ आया। उसने हमारा रास्ता रोक लिया। सत्यम ने हमसे पूछा कि क्या CJP के प्रदर्शन में जा रहे हो? हमने जैसे ही हां कहा, वह भड़क गया। वह मेरे दोस्त राहुल को थप्पड़ मारने लगा और गाली-गलौज करने लगा।

उसके साथ एक कैमरामैन और कार में चार-पांच लोग बैठे थे। कार में बैठा एक युवक पूरी घटना का वीडियो बनाता रहा। सत्यम कैमरे पर राहुल से माफी मांगने के लिए कहने लगा। मैंने भागकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। फिर वह सत्यम गाड़ी लेकर वहां से चला गया।

छात्र आयुष रंजन ने बताया कि हमें नहीं पता था वह कौन है। जंतर-मंतर पर जाने की बात सुनकर वह हमें पीटने लगा।

छात्र आयुष रंजन ने बताया कि हमें नहीं पता था वह कौन है। जंतर-मंतर पर जाने की बात सुनकर वह हमें पीटने लगा।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

छात्रों से मारपीट और गाली-गलौज करने का सत्यम पंडित ने वीडियो 25 जुलाई की शाम 4:08 बजे अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। वीडियो के साथ उसने लिखा-जंतर-मंतर जाकर कुछ कॉकरोच का इलाज करा, जो कहते हैं करके दिखाते हैं।

वीडियो में छात्र और आरोपी युवक के बीच हुई बातचीत पढ़िए

वीडियो में सत्यम पंडित छात्रों से पूछता है- क्या तुम CJP को सपोर्ट कर रहे हो? दोनों इसके जवाब में "हां" कहते हैं। इसके बाद वह नाम पूछता है, जिस पर पहला छात्र अपना नाम आयुष बताता है।

फिर वह आयुष से उसका धर्म पूछता है। आयुष के "हिंदू" बताने पर वह कहता है कि फिर इस पार्टी को क्यों सपोर्ट कर रहे हो? यहां देश विरोधी नारे लग रहे हैं, शर्म नहीं आती? इस पर आयुष जवाब देता है- नहीं।

इसके बाद नेता उनके साथ मौजूद दूसरे छात्र का नाम और रहने की जगह पूछता है। दोनों बताते हैं कि वे बरेली के रहने वाले हैं और बंग्ला साहिब गुरुद्वारे में रुके हैं। दूसरा छात्र अपना नाम राहुल बताता है।

आखिर में वह दोनों से पूछता है कि वे क्या करते हैं। छात्र बताते हैं कि वे बीएससी के स्टूडेंट हैं। इसके बाद वीडियो में नेता उन्हें गालियां देते हुए प्रदर्शन में शामिल होने का कारण पूछता है। इस पर राहुल कहता है कि उनका किसी संगठन से कोई संबंध नहीं है। वह अपनी बहन के यहां आया था और दोनों सिर्फ जंतर-मंतर देखने पहुंचे थे।

इसके बाद सत्यम छात्रों को धमकाते हुए वीडियो में माफी मांगने के लिए कहता है। दोनों छात्र माफी मांगते हैं। इसके बावजूद वह राहुल नाम के एक छात्र को पकड़ लेता है और पीटने लगता है। इस दौरान वह कई थप्पड़ मारता है।

सत्यम पंडित छात्र राहुल से कैमरे पर माफी मांगने के लिए कहता है।

सत्यम पंडित छात्र राहुल से कैमरे पर माफी मांगने के लिए कहता है।

पहले भी विवादों में रहा है सत्यम पंडित

गाजियाबाद में रहने वाला सत्यम पंडित पहले भी कई मामलों को लेकर विवादों में रह चुका है। अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर खुद को 'हिंदू वीर सेना' का अध्यक्ष बताया है। अगस्त- 2024 में बांग्लादेशी और रोहिंग्या समुदाय को लेकर कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद फरवरी- 2026 में मंगलवार के दिन मीट की दुकानें बंद कराने के दौरान मीट विक्रेताओं से मारपीट के आरोप में भी गाजियाबाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की थी।

-------------------------

यह खबर भी पढ़ें…

इकरा हसन बोलीं- ईंट की जगह अपना सिर लगा देंगे:जौहर यूनिवर्सिटी गिरने नहीं देंगे; रामपुर डीएम से मिले 10 सपा सांसद

सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने के लिए सपा के 10 सांसदों का प्रतिनिधिमंडल रामपुर के डीएम से मिला। शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सबसे पहले सपा सांसद इकरा हसन संत शिरोमणि गेस्ट हाउस पहुंचीं। इसके बाद रुचि वीरा और जियाउर्रहमान बर्क पहुंचे। सभी सांसदों ने बंद कमरे में बैठक की। फिर सभी जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। यहां गेट पर 8 दिन से धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। पूरी खबर पढ़िए…