world-news

कानपुर में डेंगू-मलेरिया-फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: हर CHC पर 5 बेड और फीवर डेस्क, सरकारी अस्पतालों में 65 से ज्यादा बेड रिजर्व - Kanpur News

September 1, 2026

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Kanpur
  • Kanpur Health Alert: Fever Desk And Beds Reserved In Government Hospitals

कानपुर में डेंगू-मलेरिया-फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट:हर CHC पर 5 बेड और फीवर डेस्क, सरकारी अस्पतालों में 65 से ज्यादा बेड रिजर्व

दीपेंद्र द्विवेदी | कानपुर54 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कानपुर में डेंगू, मलेरिया और फ्लू जैसी मौसमी बीमारियों के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शासन और स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश के बाद जिले के सभी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में विशेष इंतजाम किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त ने बताया कि बुखार और शरीर पर रैशेज की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल जिले में इन बीमारियों का कोई नया मरीज सामने नहीं आया है।

स्वास्थ्य विभाग ने किसी भी संभावित बढ़ोतरी से निपटने के लिए CHC से लेकर मेडिकल कॉलेज और बड़े सरकारी अस्पतालों तक बेड, जांच और दवाओं की व्यवस्था कर ली है। हर CHC पर 5 बेड आरक्षित किए गए हैं और अलग फीवर डेस्क बनाया गया है। गंभीर मरीजों के लिए सरकारी अस्पतालों में 65 से ज्यादा बेड सुरक्षित रखे गए हैं।

हर CHC पर फीवर डेस्क, 5 बेड रिजर्व

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी CHC पर 5-5 बेड आरक्षित किए हैं। यहां फीवर डेस्क भी बनाया गया है, जहां बुखार से पीड़ित मरीजों की अलग से जांच और पहचान की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बुखार के साथ शरीर पर रैशेज वाले मरीजों को गंभीरता से लिया जाए और जरूरत के अनुसार उनकी जांच कराई जाए।

इन सरकारी अस्पतालों में बेड सुरक्षित

गंभीर मरीजों को भर्ती करने के लिए शहर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में 65 से ज्यादा बेड सुरक्षित किए गए हैं।

GSVM मेडिकल कॉलेज: 30 बेड

उर्सला अस्पताल (UHM): 15 बेड

कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय: 10 बेड

KPM अस्पताल: 10 बेड

मेडिकल कॉलेज में होगी फ्लू की जांच

सीएमओ ने बताया कि डेंगू और मलेरिया की शुरुआती जांच CHC स्तर पर कराई जाएगी। वहीं फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा की विशेष जांच मेडिकल कॉलेज और KGMU के बायोकैमिस्ट्री विभाग में होगी।

मेडिकल कॉलेज में जरूरी जांच किट उपलब्ध करा दी गई हैं। बायोकैमिस्ट्री विभाग को भी जांच के लिए तैयार रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों की रिपोर्ट जल्द मिल सके और समय पर इलाज शुरू किया जा सके।

दवाओं और वैक्सीन का पर्याप्त स्टॉक

अस्पतालों में दवाओं और वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर सीएमओ ने बताया कि फिलहाल पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। हालांकि कानपुर बड़ा जिला है और मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त दवाओं और वैक्सीन की मांग शासन को भेजी गई है।

जांच से इलाज तक सभी सुविधाएं फ्री

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सरकारी अस्पतालों और CHC में मरीजों को जांच, डॉक्टर का परामर्श, जरूरी दवाएं, वैक्सीन और भर्ती समेत सभी जरूरी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

सीएमओ ने शहरवासियों से अपील की है कि बुखार या शरीर पर चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या CHC के फीवर डेस्क पर संपर्क करें। समय पर जांच कराने से बीमारी की पहचान और इलाज जल्द शुरू किया जा सकेगा।

.