Car AC Tips: गर्मियों में धूप में खड़ी कार के अंदर का तापमान कुछ ही मिनटों में बेहद ज्यादा हो सकता है। ऐसे में कार में बैठते ही तुरंत AC चालू करना हर बार सही तरीका नहीं होता।
कार का AC चलाने का सही तरीका
- Published: 14 Jul 2026, 09:14 PM IST
- Last Updated: 14 Jul 2026, 09:14 PM IST
Car AC Tips: उमस भरे मौसम में धूप में घंटों खड़ी रहने वाली कार के अंदर का तापमान बेहद ज्यादा हो जाता है। ऐसे में ज्यादातर लोग कार में बैठते ही सबसे पहले AC चालू कर देते हैं। यह आदत आम जरूर है, लेकिन हमेशा सही नहीं मानी जाती। अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो पहले यह जान लेना जरूरी है कि धूप में खड़ी कार को ठंडा करने का सही तरीका क्या है, ताकि सफर आरामदायक होने के साथ-साथ आपकी सेहत पर भी कोई नकारात्मक असर न पड़े।
धूप में खड़ी कार में तुरंत AC क्यों नहीं चलाना चाहिए?
जब कार लंबे समय तक तेज धूप में खड़ी रहती है, तो उसके केबिन का तापमान बाहर की तुलना में कई गुना बढ़ जाता है। इस दौरान डैशबोर्ड, प्लास्टिक के हिस्सों और सीट कवर जैसी चीजों से वाष्पशील रसायन (Volatile Organic Compounds) निकल सकते हैं, जिससे कार के अंदर की हवा खराब हो जाती है। यदि आप कार में बैठते ही सभी खिड़कियां बंद करके तुरंत AC चला देते हैं, तो यही गर्म और बंद हवा केबिन में घूमती रहती है। इससे कुछ लोगों को सिरदर्द, चक्कर आना या घुटन जैसी परेशानी महसूस हो सकती है। यही वजह है कि विशेषज्ञ कार स्टार्ट करते ही सीधे AC चालू करने की सलाह नहीं देते।
कार का AC चलाने का सही तरीका
सबसे पहले कार का दरवाजा खोलकर कुछ सेकंड तक खुला रहने दें, ताकि अंदर की गर्म हवा बाहर निकल सके। इसके बाद कार स्टार्ट करें और सभी खिड़कियां नीचे कर दें। कुछ देर तक कार को ऐसे ही चलने दें, जिससे केबिन की गर्म हवा बाहर निकल जाए। जब अंदर का तापमान थोड़ा सामान्य हो जाए, तब खिड़कियां बंद करें और AC चालू करें। ऐसा करने से AC पर शुरुआती दबाव कम पड़ता है और केबिन भी तेजी से ठंडा होता है।
AC इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- यदि कार को धूप में पार्क करना पड़े, तो विंडशील्ड पर सनशेड का इस्तेमाल करें। इससे केबिन का तापमान काफी हद तक कम रहता है।
- बहुत लंबे सफर में लगातार AC चलाने से ईंधन की खपत पर थोड़ा असर पड़ सकता है। जरूरत के अनुसार बीच-बीच में तापमान एडजस्ट करना बेहतर रहता है।
- बेहतर कूलिंग और साफ हवा के लिए AC फिल्टर, केबिन फिल्टर और कूलिंग सिस्टम की समय-समय पर सर्विसिंग करवाते रहें।
- कार में बैठने के बाद कुछ मिनट तक ताजी हवा आने दें, फिर AC को रीसर्कुलेशन मोड पर इस्तेमाल करें। इससे कूलिंग अधिक प्रभावी होती है।
इन आसान उपायों को अपनाकर आप न सिर्फ कार को जल्दी ठंडा कर सकते हैं, बल्कि सफर को ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक और स्वास्थ्य के लिए बेहतर भी बना सकते हैं।
(मंजू कुमारी)