Budget Cars: बजट कार खरीदने वाले ग्राहकों के लिए अब सुरक्षा के मामले में विकल्प बेहतर हो गए हैं। देश में कई ऐसी किफायती कारें मौजूद हैं, जिनमें 6 एयरबैग मिलते हैं।
ये हैं भारत की छह एयरबैग वाली किफायती कारें
- Published: 11 Sep 2026, 05:28 PM IST
- Last Updated: 11 Sep 2026, 05:28 PM IST
Budget Cars: भारत में अब किफायती कार खरीदने वाले ग्राहकों को सुरक्षा के लिए ज्यादा खर्च करने की जरूरत नहीं है। कई कंपनियां अपनी एंट्री-लेवल कारों में भी छह एयरबैग मानक तौर पर दे रही हैं। हालांकि, कार की सुरक्षा केवल एयरबैग तक सीमित नहीं है। एबीएस के साथ ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, सीटबेल्ट रिमाइंडर, आईएसओफिक्स और मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर भी महत्वपूर्ण हैं। आइए जानते हैं कम कीमत में 6 एयरबैग वाली कुछ कारों के बारे में।
मारुति सुजुकी ऑल्टो K10 — ₹3.70 लाख से
ऑल्टो K10 इस सूची की सबसे किफायती कारों में शामिल है। इसमें छह एयरबैग के साथ एबीएस, ईबीडी, रिवर्स पार्किंग सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम और तीन-बिंदु सीटबेल्ट मिलते हैं। 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ इसमें एजीएस और सीएनजी विकल्प भी उपलब्ध हैं।
मारुति सुजुकी सेलेरियो — ₹4.70 लाख से
सेलेरियो में छह एयरबैग के अलावा एबीएस, ईबीडी, रिवर्स पार्किंग सेंसर, सीटबेल्ट रिमाइंडर और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसका 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन बेहतर माइलेज के लिए जाना जाता है और सीएनजी विकल्प भी उपलब्ध है।
टाटा टियागो — ₹4.70 लाख से
टाटा टियागो में छह एयरबैग मानक तौर पर मिलते हैं। इसके अलावा एबीएस, ईबीडी और पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसमें 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। सीएनजी संस्करण भी उपलब्ध है।
मारुति सुजुकी वैगनआर — ₹4.99 लाख से
वैगनआर में छह एयरबैग के साथ एबीएस, ईबीडी, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, सीटबेल्ट रिमाइंडर और रिवर्स पार्किंग सेंसर मिलते हैं। पेट्रोल और सीएनजी के साथ ऑटोमैटिक विकल्प भी उपलब्ध है। इसका बड़ा केबिन परिवार के लिए उपयोगी है।
टाटा पंच — ₹5.70 लाख से
टाटा पंच में छह एयरबैग, एबीएस, ईएसपी, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और आईएसओफिक्स जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसे भारत एनसीएपी में 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग भी मिली है। ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस के कारण यह खराब सड़कों के लिए भी उपयोगी विकल्प है।
हुंडई एक्सटर — ₹5.81 लाख से
हुंडई एक्सटर में छह एयरबैग के साथ इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल-स्टार्ट असिस्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, सीटबेल्ट रिमाइंडर और आईएसओफिक्स मिलते हैं। पेट्रोल, एएमटी और सीएनजी विकल्प इसे बहुमुखी बनाते हैं।
इसके अलावा हुंडई ग्रैंड आई10 निओस, निसान मैग्नाइट, मारुति सुजुकी स्विफ्ट और मारुति सुजुकी ईको भी छह एयरबैग वाले किफायती विकल्पों में शामिल हैं। कार खरीदते समय केवल एयरबैग की संख्या के बजाय क्रैश टेस्ट रेटिंग और अन्य सुरक्षा सुविधाओं को भी जरूर देखें।
(मंजू कुमारी)